हल्द्वानी में मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ के खिलाफ कांग्रेस ने रायपुर थाने में दी तहरीर
दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग: विनीत प्रसाद भट्ट
देहरादून,
31 अगस्त। हल्द्वानी में 8 अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कुछ व्यक्तियों द्वारा मंच का कथित रूप से ‘शुद्धिकरण’ किए जाने के मामले को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रायपुर थाने पहुंचकर प्रार्थना पत्र/तहरीर दी और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर पीसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि किसी लोकतांत्रिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रम के मंच का इस प्रकार कथित ‘शुद्धिकरण’ किया जाना सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मर्यादाओं की दृष्टि से गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कानून को अपना काम करना चाहिए और किसी भी व्यक्ति को उसकी राजनीतिक या सामाजिक पहचान के आधार पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।
भट्ट ने कहा कि पुलिस उपलब्ध वीडियो, फोटो एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करे। यदि जांच में किसी प्रकार का अपराध सामने आता है तो संबंधित सभी व्यक्तियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का यह कदम किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित नहीं है, बल्कि कानून के समान अनुपालन, सामाजिक सद्भाव, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक मर्यादाओं की रक्षा के लिए उठाया गया है। कांग्रेस कानून के शासन और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
प्रकरण की तत्काल एवं निष्पक्ष जांच की जाए।
उपलब्ध वीडियो, फोटो एवं अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जाए।
दोषी पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के खिलाफ लागू कानून के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए।
मामले में किसी भी प्रकार का राजनीतिक दबाव स्वीकार न किया जाए।
इस दौरान प्रदेश सचिव सत्या पोखरियाल, पूर्व प्रदेश सचिव गुलशेर मियां, नगर निगम पार्षद रॉबिन त्यागी, ब्लॉक अध्यक्ष सरिता बिष्ट, संजय उनियाल, अर्जुन पासी, प्रदेश प्रवक्ता आशीष नौटियाल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विजय गुप्ता, मिथलेश उपाध्याय, जीवन नेगी, पूर्व पार्षद प्रत्याशी अनिल उनियाल, शुभम चौहान, अभिनय बिष्ट, डीएवी पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, एनएसयूआई प्रदेश सचिव मुकेश बसेड़ा, रायपुर विधानसभा अध्यक्ष अतुल सक्सेना, राजपुर विधानसभा अध्यक्ष अभिषेक पासी, ब्लॉक अध्यक्ष रक्षित नेगी सहित मयंक रावत, शौर्य सक्सेना, आदर्श बिष्ट समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता एवं स्थानीय कांग्रेसजन मौजूद रहे।