‘भारत को जानो’ अखिल भारतीय लिखित परीक्षा में 32 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया भाग
देहरादून 31 अगस्त । भारत विकास परिषद उत्तराखंड पश्चिम प्रांत की ओर से सोमवार, 31 अगस्त 2026 को जनपद देहरादून और पौड़ी की शाखाओं को छोड़कर प्रांत की सभी शाखाओं में ‘भारत को जानो अखिल भारतीय लिखित परीक्षा-2026’ का सफल एवं शुचिता पूर्ण आयोजन किया गया। परीक्षा में उत्तराखंड पश्चिम प्रांत से 32 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर नया रिकॉर्ड बनाया।
प्रांतीय महासचिव संजय गर्ग ने बताया कि इस वर्ष ‘भारत को जानो’ अखिल भारतीय लिखित परीक्षा का आयोजन पूरे भारतवर्ष में 31 अगस्त को किया गया। प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित हुई। उत्तराखंड पश्चिम प्रांत में जूनियर वर्ग (कक्षा 6 से 8) में 15,500 से अधिक तथा सीनियर वर्ग (कक्षा 9 से 12) में 16,500 से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि गत वर्ष प्रांत में 21,667 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था।
प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. श्रीमती मनीषा सिंघल ने कहा कि हरिद्वार में कांवड़ मेले के कारण 13 दिन तक स्कूल-कॉलेज बंद रहे, जबकि जनपद देहरादून में अत्यधिक वर्षा के चलते जिलाधिकारी द्वारा 10 दिन का अवकाश घोषित किया गया था। इसके बावजूद शाखाओं के दायित्वधारियों ने विषम परिस्थितियों में भी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। इसी का परिणाम है कि इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए।
प्रश्न मंच के जरिए आगे बढ़ेंगे प्रतिभागी
प्रतियोगिता के संयोजक संस्कार डॉ. राजीव गोयल ने बताया कि शाखा स्तर पर लिखित परीक्षा के बाद प्रत्येक विद्यालय से सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले दो-दो छात्र-छात्राएं, वर्गवार, शाखा स्तर पर आयोजित होने वाले मौखिक प्रश्न मंच में प्रतिभाग करेंगे। शाखा स्तर पर चयनित विद्यार्थी क्रमशः प्रांत स्तर, क्षेत्र स्तर और राष्ट्रीय स्तर की मौखिक प्रश्न मंच प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारत के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं, महापुरुषों और राष्ट्र की विविध उपलब्धियों के प्रति ज्ञान एवं जागरूकता बढ़ाना है।