उत्तराखण्डराजनीति

गड्ढा मुक्त रायपुर अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चलाया “गड्ढा भरो अभियान”

देहरादून 27 अगस्त 2026। रायपुर विधानसभा क्षेत्र की जर्जर सड़कों, बड़े-बड़े जानलेवा गड्ढों और आम जनता की सुरक्षा के मुद्दे को लेकर आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा “गड्ढा मुक्त रायपुर अभियान” के तहत “गड्ढा भरो अभियान” चलाया गया। अभियान का नेतृत्व विनीत प्रसाद भट्ट, सदस्य पीसीसी एवं प्रदेश सचिव, उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी ने किया।

अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने निजी संसाधनों से रायपुर विधानसभा के विभिन्न वार्डों में सड़कों पर बने बड़े-बड़े गड्ढों का भरान किया और शासन-प्रशासन को यह संदेश दिया कि जब जिम्मेदार लोग जनता की समस्याओं से मुंह मोड़ लें, तो जनता के बीच रहने वाले कार्यकर्ता स्वयं सड़क पर उतरकर आवाज उठाने के लिए तैयार हैं।

इस अवसर पर विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि प्रदेश में पिछले 10 वर्षों से भाजपा की सरकार है और रायपुर विधानसभा से भाजपा विधायक उमेश शर्मा काउ लंबे समय से विधायक हैं। इसके बावजूद रायपुर की जनता आज भी सुरक्षित सड़कों और बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। भाजपा सरकार और विधायक के विकास के बड़े-बड़े दावों के बावजूद रायपुर की सड़कों की स्थिति ऐसी है कि कई स्थानों पर सड़कों से ज्यादा गड्ढे नजर आते हैं।

उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों के लिए दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा से जुड़ा मूलभूत अधिकार हैं।

रायपुर की जमीनी हकीकत भाजपा के विकास के दावों को आईना दिखा रही है

कागजी विकास, बदहाल सड़कें:
रायपुर विधानसभा की अनेक सड़कों की स्थिति बेहद चिंताजनक है। जगह-जगह बने गड्ढे यातायात व्यवस्था और जनसुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। जनता को विकास के दावों से अधिक धरातल पर सुरक्षित और बेहतर सड़कें चाहिए।

Advt.

दुर्घटनाओं का बढ़ता खतरा:
बदहाल सड़कें और गहरे गड्ढे आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। किसी भी परिवार के लिए सड़क दुर्घटना में अपने प्रियजन को खोना अपूरणीय क्षति है। इसलिए सड़क सुरक्षा के इस गंभीर मुद्दे को अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

बरसात में खुलती है विकास की पोल:
बारिश के दौरान जलभराव और गड्ढों के कारण सड़कें और भी खतरनाक हो जाती हैं। ऐसे में सरकार और जिम्मेदार विभागों को केवल दावे नहीं, बल्कि तत्काल स्थायी समाधान की दिशा में काम करना चाहिए।

विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि “गड्ढा भरो अभियान” किसी राजनीतिक दिखावे का कार्यक्रम नहीं, बल्कि रायपुर की जनता की सुरक्षा और उसके अधिकार की आवाज है। जब सरकार और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं का समाधान करने में विफल रहते हैं, तब कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच खड़े होकर उनकी आवाज बुलंद करेंगे।

हमारी स्पष्ट मांग

रायपुर की जनता को मंचों से किए जाने वाले खोखले वादे नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाला विकास चाहिए। जनता टैक्स देती है और उसे सुरक्षित, सुगम एवं गड्ढामुक्त सड़कें पाने का पूरा अधिकार है।

इस अवसर पर नगर निगम पार्षद रॉबिन त्यागी जी ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि रायपुर विधानसभा की सभी जर्जर सड़कों और गड्ढों का तत्काल सर्वे कराकर गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी मरम्मत कराई जाए तथा जलभराव की समस्या का भी स्थायी समाधान किया जाए।

विनीत प्रसाद भट्ट ने स्पष्ट कहा कि जब तक रायपुर विधानसभा की एक-एक सड़क सुरक्षित और गड्ढामुक्त नहीं हो जाती, तब तक कांग्रेस का यह जनआंदोलन जारी रहेगा।

इस अवसर पर नगर निगम पार्षद श्री रॉबिन त्यागी जी, पूर्व पार्षद प्रत्याशी श्री शुभम चौहान जी, युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष श्री तेजस्वी राणा जी, डीएवी पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ अग्रवाल जी, एनएसयूआई महानगर उपाध्यक्ष श्री कबीर मलिक जी, रायपुर विधानसभा अध्यक्ष श्री अतुल सक्सेना जी, ब्लॉक अध्यक्ष श्री रक्षित नेगी जी, श्री मयंक रावत जी, श्री शौर्य सक्सेना जी, श्री आदर्श बिष्ट जी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता एवं स्थानीय कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “गड्ढा मुक्त रायपुर” के संकल्प के साथ जनहित के इस अभियान को आगे बढ़ाने और रायपुर की जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button