उत्तराखण्डराज्यविदेश

नेपाल की आपदा पर मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा दुःख, कहा—नेपाल की पीड़ा उत्तराखंड की पीड़ा

देहरादून 26 अगस्त । नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई अचानक भीषण बाढ़ से हुई जन-धन की क्षति पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा में हुई जनहानि और व्यापक नुकसान अत्यंत दुःखद एवं चिंताजनक है। इस कठिन समय में उत्तराखंड की जनता और राज्य सरकार की संवेदनाएं नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ हैं।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा प्रभावित सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल दो पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देश साझा संस्कृति, परंपराओं, आस्था, सामाजिक सरोकारों और आत्मीयता के मजबूत बंधन से जुड़े हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड और नेपाल के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के संबंध रहे हैं। दोनों क्षेत्रों के लोगों के बीच पारिवारिक रिश्तों के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंध भी निरंतर मजबूत हुए हैं। विशेष रूप से कुमाऊं क्षेत्र का नेपाल के साथ बेहद आत्मीय संबंध है। पिथौरागढ़ और चंपावत सहित सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के नेपाल के साथ ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संबंध रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे में नेपाल में आई आपदा का दुःख उत्तराखंड के लोगों के लिए अपने परिवार के किसी सदस्य के संकट में होने जैसा है। नेपाल की पीड़ा उत्तराखंड की पीड़ा है और संकट की इस घड़ी में उत्तराखंड की जनता अपने नेपाली भाई-बहनों के साथ पूरी संवेदनशीलता और आत्मीयता के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे सुरक्षाकर्मियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां भारत और नेपाल दोनों को प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशील बनाती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नेपाल सरकार और स्थानीय प्रशासन के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएंगे तथा प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड की समस्त जनता की ओर से नेपाल के शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए प्रभावित लोगों के शीघ्र सुरक्षित होने, घायलों के जल्द स्वस्थ होने तथा नेपाल में सामान्य स्थिति की शीघ्र बहाली की कामना की।

Related Articles

Back to top button