उत्तराखण्डजनसुनवाई

पूर्व सैनिकों को समान कार्य के लिए समान वेतन दिलाने की मांग, सैनिक कल्याण मंत्री से मिले प्रतिनिधिमंडल

देहरादून 26 अगस्त । सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से बुधवार को उनके कैंप कार्यालय में पूर्व सैनिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ऊर्जा विभाग के अंतर्गत यूपीसीएल, यूजेवीएनएल और पिटकुल में कार्यरत पूर्व सैनिकों की विभिन्न समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा।
पूर्व सैनिकों ने बताया कि उन्हें समान कार्य के लिए समान वेतन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस संबंध में उन्होंने सैनिक कल्याण मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए समस्या के समाधान की मांग की।
मंत्री गणेश जोशी ने पूर्व सैनिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले में शीघ्र ही संबंधित अधिकारियों एवं पक्षकारों के साथ बैठक आयोजित कर समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि पूर्व सैनिकों के हितों और उनकी समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि मामले का परीक्षण कर नियमानुसार उचित समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर दायित्वधारी शमशेर सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button