उत्तराखण्डजनसुनवाई

जनसुनवाई दिवस में नागरिकों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

पिथौरागढ़, 17 अगस्त 2026 । प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले जनसुनवाई दिवस की अध्यक्षता करते हुए अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा जिन प्रकरणों में स्थलीय निरीक्षण अथवा अन्य विभागों से समन्वय की आवश्यकता है, उनमें तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को केवल औपचारिकता के रूप में न लिया जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण करते हुए नियमानुसार प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो और शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए।

जनसुनवाई के दौरान सड़क, पेयजल, विद्युत, भूमि, राजस्व, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं नागरिकों द्वारा अपर जिलाधिकारी के समक्ष रखी गईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा पात्रता के आधार पर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि जनसुनवाई प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सुनना ही नहीं, बल्कि उनका समाधान सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित शिकायतों पर व्यक्तिगत रुचि लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई करें।
इस दौरान जनपदस्तरीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button