भाजपा कुमाऊं संभाग की संगठनात्मक बैठक में संगठन मजबूती पर मंथन
सीएम धामी बोले—सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम
नैनीताल,
16 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी की कुमाऊं संभाग की जिलाध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्ष संगठनात्मक बैठक लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के गौलापार-चोरगलिया स्थित नंधौरगढ़ रिसोर्ट में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुआ। बैठक में कुमाऊं संभाग के सभी आठ जिलों के जिलाध्यक्षों तथा 130 मंडलों के मंडल अध्यक्षों ने प्रतिभाग किया।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा एक कैडर आधारित पार्टी है और संगठन को निरंतर मजबूत करने के लिए इस तरह की बैठकें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। पार्टी संगठन और सरकार मिलकर जनता के हित में कार्य कर रहे हैं। सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने पर लगातार कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। संगठन के पदाधिकारियों के साथ संवाद के माध्यम से जमीनी स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बैठक का उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करने के साथ आगामी विधानसभा चुनाव, पार्टी के कार्यक्रमों और रणनीति को लेकर पदाधिकारियों के साथ चर्चा करना है। मुख्यमंत्री ने सभी जिला एवं मंडल अध्यक्षों का आह्वान किया कि वे कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद बनाए रखें तथा संगठन की स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर मंथन करते हुए कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दें।
मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की ओर से दलित विरोध को लेकर लगाए जा रहे आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प के साथ काम कर रही है। ऐसे में किसी जाति विशेष के प्रति अमर्यादित शब्दों के इस्तेमाल की बात करना भी निराधार है।
उन्होंने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत के अपमान, सनातन विरोधी और महिला विरोधी मानसिकता तथा एक विशेष समुदाय के वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार चुनावी पराजय के बावजूद कांग्रेस अपनी गलतियों से सीख लेने को तैयार नहीं है।
मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी भी पदाधिकारियों के समक्ष रखी और उनका आह्वान किया कि इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी संगठन लगातार विस्तार और मजबूती की दिशा में कार्य कर रहा है। मंडल एवं जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से संचालित करने तथा सरकार के कार्यों एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने को लेकर बैठक में विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, पार्टी की गतिविधियों और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में आयोजित इस बैठक को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार की उपस्थिति रही, जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने किया। बैठक में नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, काशीपुर, चंपावत, पिथौरागढ़, रानीखेत, अल्मोड़ा और बागेश्वर सहित कुमाऊं संभाग के आठ जिलों के जिलाध्यक्ष एवं 130 मंडलों के मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।