घोटालाउत्तराखण्ड

घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध गैस निकासी का खुलासा, वितरण वाहन जब्त

26 सिलेंडरों की जांच में 4 से निकली मिली 1 से 6.5 किलो तक गैस, दो कर्मचारियों सहित गैस एजेंसी के खिलाफ मुकदमा

देहरादून,16 अगस्त। जिलाधिकारी देहरादून के निर्देश पर मिली शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए पूर्ति विभाग की टीम ने ग्राम सोडा सिरौली में ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर की घरेलू गैस वितरण गाड़ी की जांच की। जांच के दौरान वाहन में रखे 26 घरेलू गैस सिलेंडरों में से चार सिलेंडरों से करीब 1 किलो से लेकर 6.5 किलो तक गैस निकाली हुई पाई गई, जबकि अन्य 22 सिलेंडर पूरी तरह भरे हुए थे।
स्थानीय लोगों ने भी वितरण कर्मियों द्वारा कथित रूप से अवैध तरीके से गैस निकालने की शिकायत की। इस संबंध में स्थानीय लोगों की ओर से वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध कराया गया। मौके पर गैस स्थानांतरण में इस्तेमाल किया जा रहा रिफिलर भी बरामद किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्ति विभाग की टीम ने गैस वितरण वाहन को तत्काल जब्त कर लिया और विधिक कार्रवाई शुरू की। संबंधित कर्मचारी जयप्रकाश पुत्र प्रेमशंकर एवं रटनेश पुत्र चंद्रपाल तथा ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर, देहरादून के विरुद्ध थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
बरामद किए गए सभी 26 घरेलू गैस सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से निकटवर्ती सहकारी गैस सेवा में जमा करा दिया गया है।
जांच दल में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष भट्ट तथा पूर्ति सहायक विजय शामिल रहे।
जिला पूर्ति अधिकारी देहरादून के.के. अग्रवाल ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार कड़ी और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button