पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय भारतीय सैन्य अकादमी में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास से आयोजित
देहरादून 15 अगस्त ।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि कर्नल (डॉ.) वि.के.एस. रावत, कर्नल इंस्ट्रक्टर, शैक्षिक विभाग, भारतीय सैन्य अकादमी तथा विशिष्ट अतिथि मेजर शिव कुमारी, अध्यक्षा, विद्यालय प्रबंधन समिति रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट्स एंड गाइड्स के कब एवं बुलबुल तथा एनसीसी कैडेट्स द्वारा अनुशासित स्वागत से हुआ। ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के पश्चात प्राचार्य श्री माम चन्द जी ने अतिथियों का हरित पौधे भेंट कर स्वागत किया तथा विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त जीवविज्ञान स्नातकोत्तर शिक्षक पीयूष निगम द्वारा देशभक्ति गीत ‘है प्रीत जहाँ की रीत सदा’ प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने समूह नृत्य, देशभक्ति कविता एवं अंग्रेजी प्रस्तुति के माध्यम से स्वतंत्रता के महत्व और शहीदों के बलिदान को स्मरण किया। साम्या रावत एवं हीरल राठी की प्रस्तुतियों ने सभी को प्रभावित किया।
मुख्य अतिथि कर्नल (डॉ.) वि.के.एस. रावत ने कहा कि स्वतंत्रता अनेक पीढ़ियों के त्याग और बलिदान से प्राप्त हुई है। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने, कर्तव्यनिष्ठ रहने तथा जिज्ञासु बनकर निरंतर ज्ञान अर्जित करने का संदेश दिया। समारोह ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यबोध की भावना को और प्रगाढ़ किया।