उत्तराखण्डराष्ट्रीयसंस्कृति

अखंड भारत संकल्प दिवस पर गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, युवाओं ने लिया राष्ट्र सेवा का संकल्प

देहरादून,14 अगस्त 2026। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देहरादून महानगर उत्तर के विद्यार्थी कार्य विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को डीएवी कॉलेज देहरादून के ओएनजीसी सभागार में अखंड भारत संकल्प दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक वंदे मातरम् के सुमधुर गायन से हुई, जिससे पूरा सभागार राष्ट्रभक्ति के भाव से ओत-प्रोत हो गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता उत्तराखंड के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र जी ने अखंड भारत की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत केवल भूमि का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि एक जीवंत सांस्कृतिक इकाई है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखना प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य है।
इस अवसर पर छात्र संघ अध्यक्ष ऋषभ मल्होत्रा ने पुष्पगुच्छ एवं शॉल अर्पित कर प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र जी का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को स्वर देते हुए प्रख्यात राष्ट्रवादी कवि श्रीकांत शर्मा एवं सुप्रसिद्ध साहित्यकार और कवि डॉ. सुशील कोटनाला ने ओजस्वी कविता पाठ किया। राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत उनकी कविताओं ने सभागार में मौजूद छात्रों और स्वयंसेवकों में उत्साह एवं ऊर्जा का संचार किया।
विद्यार्थी कार्य विभाग के सक्रिय सहयोग से आयोजित कार्यक्रम के अंत में सामूहिक भारत माता की आरती एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राध्यापक, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button