पीपलकोटी THDC टनल में मलबा-पानी आने से हड़कंप, CM धामी ने दिए युद्धस्तर पर राहत-बचाव के निर्देश
देहरादून,
13 अगस्त 2026। जनपद चमोली के पीपलकोटी स्थित THDC टनल के भीतर मलबा एवं पानी आने की घटना से हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) तथा राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं। जिला प्रशासन समेत सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वे स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हैं और घटनास्थल की स्थिति की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राहत एवं बचाव अभियान में आवश्यक सभी संसाधनों का उपयोग किया जाए।
उन्होंने कहा कि बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए। प्रभावित लोगों तथा उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ईश्वर से टनल में फंसे सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आवश्यकता के अनुसार हर संभव कदम उठाया जा रहा है।