डांडा देवराणा रुद्रेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण को ₹1.79 करोड़ मंजूर, विधायक दुर्गेश्वर लाल ने जताया मुख्यमंत्री धामी का आभार
देहरादून, 11 अगस्त। पुरोला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत डांडा देवराणा स्थित रुद्रेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं अवस्थापना विकास के लिए मुख्यमंत्री घोषणा के तहत ₹1.79 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने पर विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। विधायक ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में मुख्यमंत्री से भेंट कर क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की।
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने बताया कि विल्ला नौगांव क्षेत्र के 65 गांवों के आराध्य देवता श्री रुद्रेश्वर महादेव का डांडा देवराणा मंदिर क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर के सौंदर्यीकरण और अवस्थापना सुविधाओं के विकास से यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और मजबूती मिलेगी।
स्थानीय आस्था और संस्कृति के संरक्षण को सरकार प्रतिबद्ध : धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रमुख धार्मिक स्थलों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर आस्था और परंपरा से जुड़े मंदिरों एवं मेलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराएं और धार्मिक विरासत प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। इनके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों का समग्र एवं संतुलित विकास सरकार की प्राथमिकता है।
राजकीय मेले का दर्जा मिलने से बढ़ेगी पहचान
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री को डांडा देवराणा रुद्रेश्वर महादेव मेले को राजकीय मेला घोषित किए जाने के लिए भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि राजकीय मेले का दर्जा मिलने से इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक आयोजन को व्यापक पहचान मिलेगी और क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपराओं तथा धार्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सरकार स्थानीय आस्था से जुड़े महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता दे रही है। रुद्रेश्वर महादेव मंदिर के लिए स्वीकृत धनराशि से मंदिर परिसर में विभिन्न सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य किए जा सकेंगे, जिसका सीधा लाभ स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को मिलेगा।
इस अवसर पर रुद्रेश्वर मंदिर समिति के केंद्रीय अध्यक्ष एवं मंदिर समिति के सदस्य तथा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण सिंह चौहान, भाजपा नेता जगनमोहन चंद, सरदार सिंह राणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष बचन चौहान और वर्तमान मंडल अध्यक्ष अनिल चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।