फाइव स्टार होटलों में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, मसालों और तैयार दाल के लिए सैंपल
Taj, Fairfield, JW Marriott, Hyatt Centric और Hyatt Regency समेत प्रमुख प्रतिष्ठानों में हुई सघन जांच
देहरादून 10 अगस्त
। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड विनय शंकर पांडे के निर्देश पर जनपद देहरादून में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत देहरादून-मसूरी रोड स्थित प्रमुख होटल एवं फाइव स्टार प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों की सघन जांच की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने Taj Hotel, Fairfield, JW Marriott, Hyatt Centric तथा Hyatt Regency सहित अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान होटल के किचन, स्टोर, खाद्य पदार्थों के भंडारण, कच्चे माल की गुणवत्ता, पैकेज्ड खाद्य सामग्री, खाद्य पदार्थों के रख-रखाव तथा स्वच्छता व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया।
Hyatt Regency और JW Marriott से लिए गए खाद्य नमूने
जांच अभियान के दौरान Hyatt Regency से मसालों तथा JW Marriott से तैयार दाल के नमूने खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप परीक्षण के लिए लिए गए। सभी नमूनों को नियमानुसार प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा Hyatt Regency के स्टोर में उपलब्ध गुलकंद, इंपोर्टेड ऑर्गेनो एवं सौंफ के पैक्ड उत्पादों के संबंध में संबंधित निर्माताओं को आवश्यक दस्तावेज और गुणवत्ता संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। मामले में विभागीय कार्रवाई जारी है।
विभाग ने होटल प्रबंधन को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता से संबंधित सभी निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा खाद्य सामग्री की खरीद और उपयोग में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए।
खाद्य सुरक्षा के नियम सभी के लिए समान : विनय शंकर पांडे
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडे ने कहा कि प्रदेश की जनता को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि खाद्य प्रतिष्ठान चाहे छोटा हो या बड़ा, सामान्य दुकान हो अथवा फाइव स्टार होटल—खाद्य सुरक्षा के नियम सभी के लिए समान हैं।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि एनालॉग पनीर, गैर-दुग्ध उत्पादों अथवा किसी भी प्रकार की मिलावटी एवं गैर-मानक खाद्य सामग्री के उपयोग या बिक्री की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसे मामलों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
होटल, रेस्टोरेंट और डेयरी प्रतिष्ठानों की नियमित जांच के निर्देश
आयुक्त खाद्य ने अधिकारियों को होटल, रेस्टोरेंट, डेयरी, मिठाई प्रतिष्ठानों एवं अन्य खाद्य कारोबारियों की नियमित एवं औचक जांच जारी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नमूना संग्रहण और प्रयोगशाला परीक्षण की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
सरकार की प्राथमिकता—स्वस्थ नागरिक, सुरक्षित खाद्य
राज्य सरकार की नीति के तहत उत्तराखंड के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य पदार्थों में मिलावट और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।
सरकार का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि खाद्य कारोबारियों में गुणवत्ता, स्वच्छता और जिम्मेदार खाद्य प्रबंधन की संस्कृति विकसित करना भी है, ताकि स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को भी सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।
पूरे जनपद में जारी रहेगा जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान किसी एक दिन अथवा कुछ प्रतिष्ठानों तक सीमित नहीं रहेगा। देहरादून सहित पूरे जनपद में खाद्य प्रतिष्ठानों की औचक जांच, नमूना संग्रहण एवं गुणवत्ता परीक्षण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
सैंपल की प्रयोगशाला रिपोर्ट और निरीक्षण के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह अधिकारी रहे मौजूद
जांच अभियान के दौरान उपायुक्त गढ़वाल मंडल राजेंद्र रावत, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जनपद देहरादून मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र रमेश सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश संतोष कुमार सिंह सहित खाद्य सुरक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।