उत्तराखण्डराजनीति

सैकड़ों पूर्व वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और विभिन्न दलों के नेता भाजपा में शामिल

राष्ट्र सर्वोपरि की सैन्य विचारधारा पर ही लगातार तीसरी बार कमल खिलेगा : भट्ट

*प्रवासी कांग्रेसियों के झूठ से मोदी के प्रति वीरभूमि और देवभूमि का विश्वास डिग नहीं सकता : भट्ट*

देहरादून 9 अगस्त। भाजपा में आज रिकॉर्ड संख्या में पूर्व वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और सैकड़ों विभिन्न दलों के नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ली हैं। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट ने कहा, राष्ट्र सर्वोपरि की सैन्य विचारधारा पर आगे बढ़ते हुए, देवभूमि में लगातार तीसरी बार कमल खिलने वाला है। वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, दिल्ली से आने वालों का आत्मविश्वास शून्य है, इसलिए यहां आकर झूठ बोलते हैं। लेकिन उनका यह झूठ किसी भी कीमत पर, मोदी और भाजपा के प्रति वीरभूमि और देवभूमि के विश्वास को डिगा नहीं सकता है।

पार्टी मुख्यालय में हुए इस ज्वाइनिंग कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री श्री कुंदन परिहार और प्रदेश महामंत्री श्री तरुण बंसल ने सैकड़ों पूर्व सैन्य अधिकारियों एवं सैनिकों को पार्टी का पटका पहनाकर औपचारिक सदस्यता दिलाई। जिनमें सदस्यता लेने वालों में प्रमुख नामों में शामिल थे यूकेडी के केंद्रीय प्रवक्ता सेवानिवृत कैप्टन राकेश ध्यानी, डीआईजी धर्म शक्तु, पूर्व नौसेना अधिकारी उमेश कुनियाल, कर्नल नवीन मिश्रा कर्नल इस सी शर्मा, शहीद पत्नी और प्रसिद्ध लोकगायिका महिमा उनियाल, कीर्तिचक्र सम्मानित शहीद अजय वर्धन तोमर की पत्नी श्रीमती लक्ष्मी तोमर और अपना घर से जुड़े समाजसेवी इलियास अहमद।

इस अवसर पर बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री भट्ट ने कहा, आज कार्यालय में चारों तरफ पूर्व सैनिक नजर आ रहे हैं और आपके सबसे प्रिय नारे भारत माता की जय और वंदे मातरम भाजपा की वैचारिक पृष्ठभूमि में सबसे अहम है। लिहाजा आजादी के प्रेरणाश्रोत वंदे मातरम के पूर्ण गायन को प्रधानमंत्री मोदी ने 15 अगस्त से संवैधानिक रूप से अनिवार्य किया था। जिसके अपमान पर वर्तमान सत्र में विधेयक पास कर आजादी के इस सबसे बड़े हथियार को प्रधानमंत्री जी ने अधिक सम्मान देने का प्रयास किया है। उन्होंने पूर्व सैनिकों से चर्चा करते हुए कहा कि 1980 में भारतीय जनता पार्टी बनी और लगभग 45-46 साल का कार्यकाल पूर्ण हुआ है। लेकिन आजादी आंदोलन के अंतिम कालखंड में देश में लगभग एक ही दल का शासन था। उस समय एक संगठन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉक्टर केशव बलिराम हेडगेवार को विचार आया कि कौन गारंटी देगा कि देश दोबारा गुलाम न हो। इसलिए उन्होंने राष्ट्रभक्त लोगों का एक संगठन बनाया आरएसएस। उसी संस्था के स्वयंसेवकों और विचारों से शुरुआत हुई जनसंघ की, जो आज विस्तृत रूप में दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के रूप में आपके सामने है।
​कश्मीर को साथ रखने के लिए अपना जीवन बलिदान देने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को पीएम मोदी ने धारा 370 हटाकर साकार किया है। हमसे पहले जिन्होंने देश पर सबसे अधिक शासन किया उन्होंने सैनिकों की युद्ध में हासिल जीत को बातचीत की टेबल पर हार में बदल दिया, सैनिकों की सुरक्षा को दरकिनार करने के साथ उनके मनोबल को भी तोड़ने का काम किया।

कहा, आज भी वही राष्ट्र है, लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी ने सेना का आधुनिकरण कर दुनिया की बेहतरीन फौज में तब्दील किया है। कांग्रेस सरकारों की तरह आज सैनियों के हाथ नहीं बांधे हुए हैं, दुशमन के प्रत्येक हमले का मुंह तोड़ जवाब दिया जाता है। सर्जिकल स्ट्राइक, ऑपरेशन सिंदूर, एयर स्ट्राइक और आतंकवादियों एवं नक्सलियों का खत्मा इसका जीता जागता सबूत हैं। कल्पना करिए आप, गोली से बचने की जैकेट नहीं होती थी, हथियार हमारे नहीं होते थे। आज पहली बार इन 10-12 वर्षों में मोदी जी ने यदि किसी भी क्षेत्र को सबसे सशक्त किया है तो वो है सेना और सुरक्षा। आज सारे हथियार देश के अंदर बन रहे हैं। ऐसे हथियार आ रहे हैं कि पाकिस्तान की जो मिसाइल आती है, एक भी मिसाइल भारत की धरती पर नहीं गिरती है। आज हमारे सैन्य सामर्थ्य का दुनिया लोहा मान रही है।
​हमारी सरकार में दशकों से लंबित वन रैंक वन पेंशन को पूर्णतया लागू किया, राज्य के मुख्यमंत्री धामी ने हर वीरता पुरस्कार में धनराशि बढ़ाई है। आज एक सैनिक के मन में भाव आता है कि आजादी के बाद कोई देश के अंदर ऐसी सरकारें आई हैं जो सैनिकों के बारे में चिंता करती हैं, सैनिकों के बारे में सोचती हैं।

​वहीं देश के चौमुखी विकास की चर्चा करते हुए कहा कि 10-12 साल पहले का भारत और उत्तराखंड देखिए, तो आज ढाई घंटे के अंदर देहरादून से दिल्ली व्यक्ति चला जा रहा है। अनेकों एयरपोर्ट खड़े हो रहे हैं, एम्स की संख्या बढ़ रही है, हर जगह बिजली 24 घंटे आ रही है, हर गाँव तक सड़क पहुँच रही है, हर घर में पानी की व्यवस्था हो रही है। इतने बड़े देश के अंदर बड़ी आबादी के बावजूद भी यह सारा कार्य आज हो रहा है। वहीं भ्रष्टाचारमुक्त शासन का जिक्र करते हुए कहा कि हमने कांग्रेस का वह शासन भी देखा था जहाँ आसमान, जमीन, पाताल… तीनों जगहों पर भ्रष्टाचार था। लेकिन 12 वर्ष हो गए मोदी जी को, किसी भी माई के लाल की हिम्मत नहीं है कि मोदी के दामन पर एक दाग लगा दे कि किसी भ्रष्टाचार मोदी जी ने किया है। उन्होंने उत्तराखंड का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य के चारों धामों को जो स्वरूप प्रदान किया है वो मोदी के कारण हुआ है, यह शायद इससे पहले की सरकारों ने कर दिया होता, तो आज की यात्रा संख्या 50 लाख बहुत पहले हो चुकी होती। करोड़ों लोग कांवड़ यात्री अपनी कांवड़ यात्रा पूरी कर प्रत्येक साल करके चले जाते हैं। आदि कैलाश की यात्रा बढ़ गई है, जहाँ साल भर में 500 लोग जाते थे, आज 1 साल के अंदर 50,000 से ज्यादा यात्री वहाँ पहुँच रहे हैं। केदारनाथ जी का भव्य स्वरूप भी आप सबने देखा होगा, में कह सकता हूँ कि जो भी हम मांगते हैं वो मोदी जी से हमे मिल जाता है।

उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि देश में आज प्रत्येक नागरिक मोदी जी को अभिभावक के रूप में मानता है। ऐसे में हम सबका कर्तव्य है कि ऐसे नेतृत्व को अधिक बल दें, उनके बताए रास्ते पर चले और उनके विचारों को आगे बढ़ाएं। आज बीजेपी का जो स्वरूप है पूरे देश के अंदर, वह मोदी जी जैसे नेतृत्व के कारण आगे बढ़ रहा है। हमारा एक-एक कार्यकर्ता के निर्माण करने का जो भाव होता है, वह राष्ट्र के हित में ही होता है। कभी राष्ट्र के खिलाफ चीजें खड़ी न हों, इसका हम ध्यान रखते हैं और यही तो हमारे सैनिक भी चाहता है। आपकी तरह हम भी मानते हैं कि राष्ट्र रहेगा तो हम रहेंगे, राष्ट्र सुरक्षित तो हम सुरक्षित।और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए प्रशासन का, शासन का भी बहुत बड़ा योगदान होता है।

उन्होंने सभी नए सदस्यों का हृदय से स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि आपके आने से भाजपा को मजबूती मिलेगी। वहीं आग्रह किया कि देश और हम सबके लिए बहुत कुछ मोदी जी कर रहे हैं, हमे भी मोदी जी के लिए कुछ करना चाहिए। कहा, एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ता के नाते मैं कह सकता हूँ, 2027 में भी यहां विधानसभा के चुनाव हैं। बिहार, बंगाल, आसाम के बाद अब उत्तराखंड में हम सबको मिलकर जीत की हैट्रिक लगानी है।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री श्री कुंदन परिहार ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी की रीति नीति एवं वैचारिक पृष्ठभूमि की जानकारी दी। कहा, भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रवादी और सांस्कृतिक विचारधारा को लेकर समाज में एक सैनिक की भांति ही कार्य करता है। आप सभी सैनिकों को पार्टी के अंदर भी वैसा ही अनुशासन और राष्ट्र के प्रति भक्ति का भाव मिलेगा, जैसा आपको वर्दी में महसूस होता होगा। पार्टी आप सबके सम्मान का ख्याल रखते हुए, शीघ्र संगठन के सभी कार्यक्रमों में सहयोग लेगी।

वहीं पार्टी में शामिल कैप्टन राकेश ध्यानी ने पार्टी में शामिल सभी पूर्व सैनिकों की तरफ से बोलते हुए विश्वास दिलाया कि हम सभी दल के नीति-नियमों के अनुरूप जो भी उचित होगा या जो भी हमे कार्य सौंपा जाएगा, उसपर पूरी क्षमता और समर्पण से प्रयास करेंगे। आने वाले 2027 का जो चुनाव होगा, उसमें हम बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर और प्रचंड बहुमत की सरकार उत्तराखंड में लाने में सहयोग करेंगे। क्योंकि जिस तरह से सैनिकों का झुकाव भाजपा और मोदी के साथ है और सैनिक बहुल प्रदेश होने के नाते हर घर से सैनिक भी हैं। ऐसे में, पूरी उम्मीद है कि जिस तरह से भाजपा से हमारे सैनिक जुड़ रहे हैं, इसमें कोई शक नहीं है कि हम प्रदेश में प्रचंड विजय की ओर बढ़ रहे हैं।

इस दौरान पार्टी में शामिल होने वालों में कैप्टन पुष्कर,कर्नल राजीव रावत, कर्नल सतीश चंद्र शर्मा, कैप्टन हरीश चंद्र, सूबेदार सुभाष लखेड़ा, सूबेदार राकेश, डाक्टर गंगा बिष्ट, डॉक्टर नितिन मिश्रा, शिवानंद उनियाल, राकेश मोहन रावत, इंजीनियर नरेंद्र भंडारी, एडवोकेट अमित तोमर, बलवंत सिंह पवार, लक्ष्मण सिंह नेगी, एस आर नौटियालz बीपी रतूड़ी, महावीर सिंह नेगी, संता प्रसाद अनिल घनसाला, चंद्रकांत कोठारी, नंदकिशोर जोशी, आकाश रावत, सुनील जुयाल, अर्चित कुकरेती, सौरभ नेगी, श्रीमती सुमन गोसाई, श्रीमती विमल पोखरियाल, लता डंडरियाल, साक्षी पोखरियाल मीना बिष्ट, सुषमा पटवाल, आशा रावत, संगीता, सोनालिका कोठारी, विमल गोसाई, सुलोचना देवी, बिना बिष्ट सुधा बिष्ट,हेमलता आदि सैकड़ों की संख्या में पूर्व सैनिक एवं बड़ी संख्या में मातृ शक्ति प्रमुख रूप से मौजूद रही।

Related Articles

Back to top button