महर्षि विद्या मंदिर में तीन दिवसीय इन हाउस प्रिशक्षण का हुआ कार्यक्रम
नैनीताल 03 अगस्त । (ललित जोशी)सरोवर नगरी नैनीताल से महज 8 किलोमीटर दूर महर्षि विद्या मंदिर, ताकुला (नैनीताल) में तीन दिवसीय इन-हाउस प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक कौशल का विकास, नवीन शिक्षण विधियों का प्रशिक्षण तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रभावी शिक्षण वातावरण तैयार करना था।
इस अवसर पर शिक्षा एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट अतिथियों जीवन गोस्वामी, शंकर सिंह, दीपेश तथा भोला दत्त जोशी ने सहभागिता करते हुए शिक्षकों का मार्गदर्शन किया।
अतिथियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, भारतीय ज्ञान परंपरा, नैतिक मूल्यों, शिक्षक की भूमिका, व्यक्तित्व विकास तथा आधुनिक शिक्षण पद्धतियों पर प्रेरणादायक विचार व्यक्त किए। उनके व्याख्यानों ने उपस्थित शिक्षकों को नई ऊर्जा एवं सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान किया।
प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विषयों पर संवादात्मक एवं गतिविधि आधारित सत्र आयोजित किए गए, जिनमें शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षकों को प्रभावी कक्षा प्रबंधन, नवाचार आधारित शिक्षण, विद्यार्थियों के समग्र विकास तथा मूल्यपरक शिक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त हुईं।
विद्यालय के प्राचार्य निर्मल पांडेय ने सभी विशिष्ट अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान करते हुए उनके बहुमूल्य मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के ज्ञान, कौशल एवं कार्यकुशलता को सुदृढ़ करने के साथ-साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर तमाम शिक्षक मौजूद रहे।
