उत्तराखण्डजनकल्याणकारी योजना

अब हर माह दो दिन एमडीडीए में लगेगा समाधान दिवस

पहले और आखिरी सोमवार को अफसरों के सामने सीधे रख सकेंगे समस्याएं, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

देहरादून 02 अगस्त । आमजन की शिकायतों और सुझावों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। प्राधिकरण मुख्यालय में प्रत्येक माह के प्रथम एवं अंतिम सोमवार को समाधान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान आमजन सीधे अधिकारियों के सामने अपनी शिकायतें और सुझाव रख सकेंगे।
एमडीडीए की ओर से शुरू की गई इस व्यवस्था का उद्देश्य जनता की समस्याओं का नियमानुसार परीक्षण कर उनका समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि समाधान दिवस में प्राप्त होने वाले प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित विभागों के माध्यम से उसके निस्तारण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
जनता और प्रशासन के बीच संवाद मजबूत करना उद्देश्य : बंशीधर तिवारी
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य केवल विकास कार्यों को गति देना नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना भी है। समाधान दिवस आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का प्रभावी मंच उपलब्ध कराएगा। इससे शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा की जाएगी और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुबह 10:30 से दोपहर 2 बजे तक सुनी जाएगी जनता की बात
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि समाधान दिवस प्रत्येक माह के प्रथम एवं अंतिम सोमवार को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक प्राधिकरण मुख्यालय, देहरादून में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान नागरिक अपनी शिकायतें और सुझाव सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।
उन्होंने बताया कि समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों एवं सुझावों का नियमानुसार परीक्षण किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार संबंधित विभागों के माध्यम से उनका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण कराया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समाधान दिवस में प्राप्त प्रकरणों को गंभीरता से लें और निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करें।
भवन मानचित्र से लेकर अवैध निर्माण तक की शिकायतों को मिलेगा मंच
एमडीडीए के इस कदम से भवन मानचित्र स्वीकृति, अवैध निर्माण, भूमि संबंधी मामलों, विकास कार्यों और अन्य प्रशासनिक समस्याओं से जुड़े लोगों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से इन मामलों को लेकर नागरिक प्राधिकरण के समक्ष शिकायतें और सुझाव रखते रहे हैं। अब समाधान दिवस के माध्यम से उन्हें अपनी बात रखने के लिए तय दिन, तय समय और सीधे अधिकारियों तक पहुंच का मंच मिलेगा।
प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाएगा। प्राप्त प्रकरणों की मॉनिटरिंग की जाएगी और कार्रवाई की प्रगति की नियमित समीक्षा होगी।
एमडीडीए का मानना है कि समाधान दिवस की यह व्यवस्था न केवल आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान में सहायक होगी, बल्कि जनता और प्राधिकरण के बीच विश्वास, संवाद और जवाबदेही को भी मजबूत करेगी।

Related Articles

Back to top button