14 अगस्त को होगा वैश्य समाज का भव्य तीज महोत्सव, तीन वर्गों में चुनी जाएंगी तीज क्वीन
देहरादून, 2 अगस्त। भारतीय वैश्य महासंघ, देहरादून की ओर से आगामी तीज महोत्सव एवं गतिमान परिचय सम्मेलन की समीक्षा को लेकर रविवार को एनजे होटल, देहरादून में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों एवं परिचय सम्मेलन की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रदेश अध्यक्षा रीता अग्रवाल, प्रांतीय अध्यक्ष विनय गोयल एवं महानगर अध्यक्ष विनोद गोयल ने बताया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी वैश्य समाज की मातृशक्ति द्वारा 14 अगस्त 2026 को सर्वे चौक स्थित प्रेक्षागृह, देहरादून में तीज महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में वैश्य समाज की महिलाओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही तीन अलग-अलग वर्गों में तीज क्वीन का चयन भी किया जाएगा।
आपसी मेल-जोल और प्रतिभा प्रदर्शन का पर्व है तीज महोत्सव
प्रदेश संरक्षक राजेंद्र गोयल ने कहा कि तीज महोत्सव समाज को आपस में जोड़ने का पर्व है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं को आगे आने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलता है।
परिचय सम्मेलन से अब तक बने करीब 69 रिश्ते
बैठक के दौरान गतिमान परिचय सम्मेलन की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर परिचय सम्मेलन में सहयोग करने वाले सहयोगियों को सम्मानित किया गया। पदाधिकारियों ने बताया कि परिचय सम्मेलन की पत्रिका के माध्यम से अब तक लगभग 69 रिश्ते तय हो चुके हैं, जो संगठन के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि परिचय सम्मेलन का उद्देश्य वैश्य समाज के परिवारों को आपस में जोड़ना और विवाह योग्य युवक-युवतियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विनय गोयल, प्रदेश संरक्षक राजेंद्र गोयल, महानगर अध्यक्ष विनोद गोयल के साथ राजकुमार मित्तल, अजय गर्ग, संजय गुप्ता, अनु गोयल, आनंद गर्ग, प्रमोद व्यास, सुनील गोयल, अनिल गोयल, वर्षा गोयल, संजय कुमार गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।