एंटी पेपर लीक और वंदे मातरम बिल पास होने पर डॉ. नरेश बंसल ने जताई खुशी, प्रधानमंत्री मोदी का जताया आभार

देहरादून 31 जुलाई । भाजपा के राष्ट्रीय सहकोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने संसद के दोनों सदनों में एंटी पेपर लीक बिल और वंदे मातरम से संबंधित विधेयक पारित होने पर हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए इसे देशहित और छात्रहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
डॉ. बंसल ने कहा कि राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के अपमान को दंडनीय अपराध बनाने से संबंधित कानूनी प्रावधान को मंजूरी मिलना दर्शाता है कि देश में राष्ट्रवादी सरकार है और देशभक्त नेतृत्व के हाथों में शासन है। उन्होंने कहा कि भारत अब राष्ट्र के वंदन और राष्ट्रीय प्रतीकों के अपमान को स्वीकार नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि वंदे मातरम से संबंधित कानून का उद्देश्य राष्ट्रीय गीत को अधिक सम्मान और पहचान दिलाना तथा राष्ट्रीय गौरव एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना है। यह मोदी सरकार की ओर से राष्ट्रीय मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इससे स्कूलों और सरकारी कार्यक्रमों में राष्ट्रीय गीत को उचित सम्मान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
डॉ. बंसल ने कहा, “यह मोदी की गारंटी है, जो कभी खाली नहीं जाती, बल्कि निरंतर बढ़ती रहती है।”
एंटी पेपर लीक कानून से नकल माफिया पर लगेगी लगाम
एंटी पेपर लीक बिल को लेकर डॉ. नरेश बंसल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साधुवाद देते हुए कहा कि “मोदी है तो मुमकिन है।” उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश के युवाओं और छात्र-छात्राओं के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
उन्होंने कहा कि ‘पब्लिक एग्जामिनेशन्स (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) बिल’, जिसे आम तौर पर एंटी-पेपर लीक बिल कहा जाता है, का उद्देश्य केंद्र सरकार और उसकी एजेंसियों द्वारा आयोजित सार्वजनिक परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक, नकल और अन्य अनियमितताओं पर रोक लगाना है। कानून में पेपर लीक तथा संगठित नकल रैकेट में शामिल लोगों के खिलाफ कड़े दंड और जुर्माने का प्रावधान किया गया है।
डॉ. बंसल ने कहा कि परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक जैसी घटनाएं लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित करती हैं। ऐसे मामलों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कड़े कानूनी प्रावधान जरूरी थे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा उठाया गया यह कदम नकल माफिया पर प्रभावी अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
डॉ. बंसल ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष केवल विरोध की राजनीति करता है, जबकि मोदी सरकार काम करने में विश्वास रखती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो कार्य पिछली सरकारों के लंबे कार्यकाल में नहीं हो सके, उन्हें वर्तमान सरकार प्राथमिकता के साथ पूरा कर रही है।
उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए विपक्ष पेपर लीक और नकल माफिया पर प्रभावी कानून नहीं ला सका, लेकिन अब जब सरकार छात्रहित में कानून बना रही है तो सदन में हंगामा कर व्यवधान पैदा किया जा रहा है।
डॉ. बंसल ने कहा कि विपक्ष को संवैधानिक और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार की भाषा और लहजे का इस्तेमाल कुछ विपक्षी नेताओं द्वारा किया जा रहा है, वह लोकतंत्र के लिए अशोभनीय है। केवल विरोध के लिए संसद की कार्यवाही बाधित करना उचित नहीं है।