15 दिन में मसूरी रोड पर दो लेन यातायात बहाल करने के निर्देश, डीएम डॉ. आशीष चौहान ने किया निरीक्षण

देहरादून 28 जुलाई । जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को मसूरी रोड पर पानी वाला बैंड के समीप क्षतिग्रस्त सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क पर दो लेन यातायात बहाल करने का कार्य हर हाल में 15 दिनों के भीतर पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि 10 से 15 दिनों के भीतर दो लेन का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इस पर जिलाधिकारी ने कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि जनपद में जहां-जहां बारिश के कारण सड़कें एवं संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तत्काल बहाल किया जाए, ताकि आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी क्षतिग्रस्त मार्गों की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए समन्वय के साथ कार्य किया जाए।