मानसून में 24×7 अलर्ट मोड पर रहें सभी विभाग, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : विनय रुहेला
देहरादून, 22 जुलाई। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला ने बुधवार को कोषागार सभागार, देहरादून में मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आपदा प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
समीक्षा बैठक में लोक निर्माण, सिंचाई, जल संस्थान, ऊर्जा, स्वास्थ्य, पुलिस, नगर निगम, वन, ग्रामीण विकास, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ समेत विभिन्न विभागों ने अपनी तैयारियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। रुहेला ने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रखने तथा आपदा की सूचना पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पीडब्ल्यूडी, एनएच, एनएचएआई और पीएमजीएसवाई को जेसीबी, पोकलैंड सहित आवश्यक मशीनरी रणनीतिक स्थानों पर पहले से तैनात रखने, बंद सड़कों को शीघ्र खोलने और गड्ढों की मरम्मत करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को नदियों के जलस्तर और तटबंधों की नियमित निगरानी, जबकि नगर निकायों को नालों की सफाई और जलभराव वाले क्षेत्रों में प्रभावी ड्रेनेज व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाओं, एंबुलेंस और मेडिकल टीमों की उपलब्धता बनाए रखने के साथ डेंगू, मलेरिया और डायरिया जैसी मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत, पेयजल और पशुपालन विभागों को भी अपनी सेवाएं निर्बाध बनाए रखने और संभावित आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
रुहेला ने सभी विभागों को माइक्रो प्लान तैयार करने, फील्ड विजिट बढ़ाने, प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने तथा राहत शिविरों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जिले की आपदा तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में 66 जेसीबी तैनात की गई हैं तथा ड्रेनेज, नदी चैनलाइजेशन और पुलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी विभागों से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।