उत्तराखण्डराजनीति

मुख्यमंत्री धामी से मिले अशोक वर्मा, कलजीखाल की जनसमस्याओं की रिपोर्ट सौंपी

देहरादून, 21 जुलाई। राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विकास और पिछड़ा वर्ग कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की तथा पौड़ी जिले के विकासखंड कलजीखाल में आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर में सामने आई जनसमस्याओं की विस्तृत रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपी।
अशोक वर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया कि ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत कलजीखाल सभागार में आयोजित जनसेवा शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया, वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रिपोर्ट का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और पिछड़ा वर्ग के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
इसके बाद अशोक वर्मा ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार से भी मुलाकात की। उन्होंने उन्हें भी कलजीखाल कार्यक्रम की रिपोर्ट सौंपते हुए क्षेत्र की समस्याओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की।
अशोक वर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार का मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button