सीईओ ने निजी व राजकीय विद्यालयों की समीक्षा बैठक में दिए गुणवत्ता, पारदर्शिता और नियमों के पालन के निर्देश

देहरादून,15 जुलाई 2026। विकासखंड रायपुर एवं डोईवाला के अंतर्गत संचालित समस्त निजी विद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों तथा राजकीय विद्यालयों की संयुक्त समीक्षा बैठक बुधवार को पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, दूधली (डोईवाला) में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून श्री गोविंद राम जायसवाल ने की। इसमें निजी, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने प्रतिभाग किया।
बैठक का आयोजन दो चरणों में किया गया। प्रथम चरण में निजी एवं अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों की समीक्षा की गई, जबकि द्वितीय चरण में राजकीय विद्यालयों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
निजी एवं अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों की समीक्षा के दौरान 17 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। इनमें यू-डाइस प्रोग्रेशन, पैन नंबर, स्काउट-गाइड, रेड क्रॉस, आरटीई, मान्यता नवीनीकरण, निर्धारित शुल्क संरचना, बैग भार नीति, ईआरपी, अग्निशमन यंत्र, भवन सुरक्षा तथा शिक्षकों की न्यूनतम अर्हता सहित अन्य विषय प्रमुख रहे।
वहीं राजकीय विद्यालयों की समीक्षा में 24 प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इनमें मासिक, गृह एवं परिषदीय परीक्षाओं की तैयारी, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं नोटबुक वितरण, विद्यालय भवनों की स्थिति, नदी-नालों के समीप स्थित विद्यालयों की सुरक्षा, निष्प्रयोज्य भवनों का ध्वस्तीकरण, 10 वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर कार्यरत शिक्षकों की सूची, गंभीर रूप से बीमार शिक्षकों का विवरण, वीबी-ग्राम योजना, भूमि पंजीकरण, शौचालय, विद्युतीकरण, पेयजल, ई-ऑफिस का प्रयोग, विद्यालयों का ए, बी, सी, डी श्रेणी में वर्गीकरण, अपार आईडी, यू-डाइस, विद्या समीक्षा केंद्र, मध्यान्ह भोजन योजना, छात्रवृत्तियां, स्काउट-गाइड, रेड क्रॉस, इको क्लब तथा सुगम-दुर्गम निर्धारण जैसे विषय शामिल रहे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री गोविंद राम जायसवाल ने विभिन्न शासनादेशों (जीओ) की विस्तार से जानकारी देते हुए सभी विद्यालयों को प्रचलित नियमों एवं अधिनियमों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों के संचालन पर विशेष जोर दिया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान प्रधानाचार्यों ने विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को भी रखा। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका नियमानुसार एवं शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं सभी शिक्षण संस्थानों से बेहतर समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों के हित में प्रभावी ढंग से कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) श्री प्रेम लाल भारती, खंड शिक्षा अधिकारी डोईवाला श्रीमती शिवानी कौशल, खंड शिक्षा अधिकारी रायपुर श्रीमती हेमलता गौड़, मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय के कर्मचारी, समग्र शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक सहित विभागीय अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।



