उत्तराखण्डशासन

जिला योजना समिति के गठन हेतु अंतिम परिसीमन पर प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण, नहीं हुई कोई आपत्ति प्राप्त

नई टिहरी,12 जुलाई 2026 । जिला योजना समिति अधिनियम-2007 के अंतर्गत जनपद टिहरी गढ़वाल में जिला योजना समिति के गठन के लिए ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों तथा नामित सदस्यों की संख्या के निर्धारण (अंतिम परिसीमन) के संबंध में प्राप्त होने वाली आपत्तियों के निस्तारण हेतु रविवार को जिलाधिकारी कार्यालय, नई टिहरी में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अवगत कराया गया कि पंचायतीराज विभाग, उत्तराखण्ड शासन के निर्देशों के क्रम में जिला योजना समिति के गठन हेतु प्रारंभिक परिसीमन का प्रकाशन कर आमजन से निर्धारित समयावधि में आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित अवधि के दौरान जनपद एवं विकासखंड स्तर पर स्थापित कार्यालयों—जिलाधिकारी कार्यालय, मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय, जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय, जिला पंचायत कार्यालय तथा समस्त खंड विकास अधिकारी कार्यालयों—में किसी भी प्रकार की आपत्ति प्राप्त नहीं हुई।
इसके उपरांत जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अंतिम परिसीमन को अनुमोदित करते हुए जिला योजना समिति के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों का अंतिम निर्धारण किया गया।
अंतिम निर्धारण के अनुसार जनपद टिहरी गढ़वाल में जिला योजना समिति के कुल 25 सदस्य होंगे, जिनमें 20 निर्वाचित सदस्य तथा 5 नामित सदस्य शामिल रहेंगे। निर्वाचित सदस्यों में 17 सदस्य जिला पंचायत तथा 3 सदस्य नगर निकायों से निर्वाचित किए जाएंगे।
नगर निकायों के लिए तीन प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं। प्रथम क्षेत्र में नगर पालिका परिषद टिहरी एवं नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर, द्वितीय क्षेत्र में नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती, नगर पालिका परिषद देवप्रयाग एवं नगर पंचायत तपोवन, तथा तृतीय क्षेत्र में नगर पालिका परिषद चंबा, नगर पंचायत कीर्तिनगर, लंबगांव, चमियाला, घनसाली एवं गजा को सम्मिलित किया गया है।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप अंतिम परिसीमन की कार्रवाई पूर्ण कर ली गई है, जिससे जिला योजना समिति के गठन की आगामी प्रक्रिया नियमानुसार पूर्ण की जाएगी।

Related Articles

Back to top button