उत्तराखण्डराष्ट्रीयविशेष समाचार

महावीर चक्र विजेता कर्नल सोनम वांगचुक की वीरगाथा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति में शामिल हुए राज्यपाल

देहरादून/नई दिल्ली,12 जुलाई 2026। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने नई दिल्ली स्थित मॉडर्न स्कूल में महावीर चक्र विजेता स्वर्गीय कर्नल सोनम वांगचुक को समर्पित नाट्य प्रस्तुति ‘द मोंक, द वॉरियर, द लीजेंड’ में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह प्रस्तुति केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, त्याग, साहस और नेतृत्व के आदर्शों का जीवंत उत्सव है।
राज्यपाल ने अपने सैन्य जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें कर्नल सोनम वांगचुक के साथ निकटता से कार्य करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि कर्नल वांगचुक का निडर नेतृत्व, स्पष्ट निर्णय क्षमता और राष्ट्र के प्रति निस्वार्थ समर्पण सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने उन्हें “एक सच्चे वीर, एक स्नो वॉरियर और भारत माता के गौरवशाली सपूत” बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि कर्नल सोनम वांगचुक ने ऑपरेशन विजय के दौरान लद्दाख स्काउट्स के 40 सैनिकों का नेतृत्व करते हुए विषम परिस्थितियों में अदम्य साहस, उत्कृष्ट नेतृत्व और वीरता का परिचय दिया, जिसे देश हमेशा याद रखेगा।
राज्यपाल ने कहा कि कर्नल वांगचुक का सादगीपूर्ण व्यक्तित्व आत्मानुशासन, करुणा, कर्तव्यनिष्ठा और अटूट राष्ट्रनिष्ठा का अद्वितीय संगम था। उन्होंने कहा कि महान नेतृत्व पद से नहीं, बल्कि आचरण, साहस और त्याग से स्थापित होता है तथा कर्नल वांगचुक का जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का अमूल्य स्रोत है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने एहसास ‘81’ फाउंडेशन की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति केवल उसकी सीमाओं की सुरक्षा में नहीं, बल्कि अपने वीरों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता में भी निहित होती है। जो समाज अपने नायकों को स्मरण रखता है, वही आने वाली पीढ़ियों में चरित्र, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के संस्कार विकसित करता है।
मॉडर्न स्कूल परिवार को बधाई देते हुए राज्यपाल ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चरित्र निर्माण की प्रथम प्रयोगशाला होता है। उन्होंने कहा कि जिस परिसर में कर्नल सोनम वांगचुक ने अपने छात्र जीवन की शुरुआत की थी, उसी परिसर में आज उनकी जीवनगाथा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनकर प्रस्तुत की जा रही है।

Related Articles

Back to top button