उत्तराखण्डविशेष समाचार

राज्यपाल से विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने की शिष्टाचार भेंट, शिक्षा, आयुर्वेद, तकनीकी नवाचार और जल सर्वेक्षण पर हुई चर्चा

देहरादून, 08 जुलाई। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) से बुधवार को लोक भवन में विभिन्न संस्थानों एवं विभागों के प्रतिनिधियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य के शैक्षणिक, तकनीकी, अनुसंधान तथा संस्थागत विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
सबसे पहले उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष बलजीत सोनी ने राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की।
इसके बाद उत्तराखण्ड आयुर्वेद विश्वविद्यालय, देहरादून के कुलपति प्रो. अरुण कुमार त्रिपाठी ने राज्यपाल को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों, अनुसंधान परियोजनाओं तथा भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक “आयुर्गाथा” एवं एक लघु फिल्म भी भेंट की। राज्यपाल ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन एवं समृद्ध ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण आधार है तथा वर्ष 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए आयुर्वेद को आधुनिक विज्ञान, नवाचार, अनुसंधान और प्रौद्योगिकी से जोड़कर नई दिशा देने की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वविद्यालय की अवस्थापना सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने तथा शोध एवं नवाचार आधारित परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
उत्तराखण्ड तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) तृप्ता ठाकुर ने भी राज्यपाल से भेंट कर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों तथा उत्तराखण्ड के समग्र विकास में प्रौद्योगिकी की भूमिका को सशक्त बनाने के प्रयासों पर प्रस्तुतीकरण दिया। राज्यपाल ने तकनीकी शिक्षा को राज्य की विकास आवश्यकताओं से जोड़ने, युवाओं को फ्यूचर रेडी एवं इंडस्ट्री रेडी बनाने, कौशल विकास, नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं के तकनीकी सशक्तीकरण, डिजिटल कौशल विकास तथा नवाचार आधारित उद्यमिता को प्रोत्साहित करने वाले कार्यक्रम संचालित करने पर भी बल दिया। इस अवसर पर अपर सचिव, राज्यपाल श्रीमती रीना जोशी भी उपस्थित रहीं।
इसी क्रम में राष्ट्रीय जल सर्वेक्षण कार्यालय, देहरादून के नवनियुक्त ज्वाइंट चीफ हाइड्रोग्राफर, कमोडोर जे. गुरुमणी ने भी राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की। राज्यपाल ने उन्हें उनके नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की।

Related Articles

Back to top button