उत्तराखण्डहेल्थ

राज्यपाल ने 13 टीबी रोगियों को गोद लेकर वितरित की पोषण किट, निःक्षय मित्र अभियान से जुड़ने का किया आह्वान

देहरादून,6 जुलाई। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने सोमवार को लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत गोद लिए गए 13 टीबी रोगियों को मासिक पोषण किट वितरित की। इस दौरान उन्होंने रोगियों से व्यक्तिगत संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी और नियमित दवा, पौष्टिक आहार तथा संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
राज्यपाल ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता, जागरूकता, समय पर उपचार और पौष्टिक आहार के माध्यम से ही इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने सक्षम नागरिकों से निःक्षय मित्र बनकर टीबी रोगियों के उपचार और पोषण में सहयोग देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक सक्षम व्यक्ति एक टीबी रोगी को गोद लेकर उसकी देखभाल और पोषण में सहयोग करे, तो टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को तेजी से हासिल किया जा सकता है।
राज्यपाल द्वारा अब तक गोद लिए गए 79 टीबी रोगी पूर्णतः स्वस्थ होकर टीबी मुक्त हो चुके हैं। इस पहल को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने 13 और टीबी रोगियों को गोद लिया है। इसके साथ ही निःक्षय मित्र के रूप में उनके द्वारा गोद लिए गए टीबी रोगियों की कुल संख्या बढ़कर 92 हो गई है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. महावीर सिंह, डॉ. ए.के. सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button