National V.I.P. Press Club का “राष्ट्रीय गौरव सम्मान समारोह” एवं स्थापना दिवस समारोह भव्य रूप से संपन्न

देहरादून
। National V.I.P. Press Club द्वारा नगर निगम टाउन हॉल, देहरादून में आयोजित “राष्ट्रीय गौरव सम्मान समारोह एवं स्थापना दिवस समारोह” अत्यंत भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से आए लगभग 300 पत्रकारों, साहित्यकारों, समाजसेवियों, चिकित्सकों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी एवं चिकित्सक डॉ. करण सिंह सैनी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग उत्तराखंड के महानिदेशक बंशीधर तिवारी, जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज़ाद अली, दैनिक हिंदू के संपादक मुकेश गोयल, वरिष्ठ पत्रकार एवं मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के डायरेक्टर अरशद राणा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने पत्रकारिता की गरिमा, निष्पक्षता, विश्वसनीयता तथा लोकतंत्र में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
मुख्य अतिथि डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज को सही दिशा देने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने National V.I.P. Press Club द्वारा पत्रकारों के सम्मान एवं उनके हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
महानिदेशक सूचना एवं लोक संपर्क विभाग बंशीधर तिवारी ने अपने संबोधन में पत्रकारों से निरंतर अध्ययन और ज्ञानवर्धन पर बल देते हुए कहा कि पत्रकारिता की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने संगठन की गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों, समाजसेवियों, साहित्यकारों, चिकित्सकों एवं अन्य विशिष्ट व्यक्तियों को “राष्ट्रीय गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान National V.I.P. Press Club के चेयरमैन डॉ. गुलबहार तथा प्रदेश अध्यक्ष गोपाल सिंघल ने महानिदेशक सूचना एवं लोक संपर्क विभाग को पत्रकारों की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में पत्रकारों के लिए कार्यालय सुविधा, सुरक्षा, कल्याणकारी योजनाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया गया।
अपने संबोधन में डॉ. गुलबहार ने कहा कि National V.I.P. Press Club सदैव पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष गोपाल सिंघल ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पत्रकारों को एकजुट करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। उपस्थित लोगों ने National V.I.P. Press Club की 10वीं वर्षगांठ पर संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए चेयरमैन डॉ. गुलबहार एवं प्रदेश अध्यक्ष गोपाल सिंघल को शुभकामनाएं दीं।


