उत्तराखण्डशासन

उत्तराखण्ड पुलिस में पदोन्नतियों का सिलसिला जारी, दो वर्षों में 1,640 कर्मियों को मिला प्रमोशन

देहरादून,18 जून 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में उत्तराखण्ड पुलिस में पदोन्नति प्रक्रिया को लगातार गति दी जा रही है। पुलिस मुख्यालय द्वारा पुलिस कर्मियों के मनोबल और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए नागरिक पुलिस एवं अभिसूचना संवर्ग के 15 उपनिरीक्षकों को निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया है।
उत्तराखण्ड पुलिस के लिए वर्ष 2025 और 2026 पदोन्नति के दृष्टिकोण से विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहे हैं। वर्ष 2025 में 1,000 से अधिक तथा वर्ष 2026 में अब तक 580 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की जा चुकी है। इस प्रकार पिछले दो वर्षों में नागरिक पुलिस, अभिसूचना, सशस्त्र पुलिस, दूरसंचार तथा अग्निशमन सेवा सहित विभिन्न शाखाओं के कुल 1,640 कार्मिकों को पदोन्नति का लाभ मिला है।
वर्ष 2026 में अब तक 13 पुलिस उपाधीक्षक (कनिष्ठ वेतनमान), 2 पुलिस उपाधीक्षक (एम), 26 निरीक्षक, 144 उपनिरीक्षक, 63 अपर एवं सहायक उपनिरीक्षक तथा 332 मुख्य आरक्षियों को पदोन्नत किया गया है।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने सभी पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि समयबद्ध पदोन्नति से पुलिस बल का मनोबल बढ़ता है और कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है। उन्होंने गृह एवं कार्मिक विभाग, उत्तराखण्ड शासन तथा पुलिस मुख्यालय के कार्मिक अनुभाग की सराहना करते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर पदोन्नति प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया गया है।
डीजीपी ने कहा कि पुलिस मुख्यालय भविष्य में भी पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध पदोन्नति व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध रहेगा, ताकि पुलिस कर्मियों को उनके कार्य और वरिष्ठता के अनुरूप अवसर प्राप्त हो सकें।

Related Articles

Back to top button