पंतनगर एयरपोर्ट की सुरक्षा और विस्तार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
एरोड्रोम समिति की बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश

रुद्रपुर,17 जून 2026। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में जिला सभागार में पंतनगर एयरपोर्ट की एरोड्रोम समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एयरपोर्ट की सुरक्षा, विस्तार कार्यों तथा परिचालन संबंधी विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक पवन कुमार ने बताया कि एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा की दृष्टि से बड़े पेड़ों की कटाई-छंटाई तथा झाड़ियों की सफाई आवश्यक है। इस पर जिलाधिकारी ने एयरपोर्ट एवं वन विभाग के अधिकारियों को संयुक्त टीम गठित कर पेड़ों को चिन्हित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एयरपोर्ट निदेशक ने यात्रियों और विमान परिचालन में बढ़ोतरी को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती तथा हवाई क्षेत्र में गश्त के लिए पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को आवश्यक मांग पत्र पुलिस मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए।
बैठक में एयरपोर्ट परिसर में जंगली जानवरों की आवाजाही से संभावित दुर्घटनाओं पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने वन विभाग और एयरपोर्ट अधिकारियों को नियमित हाका अभियान चलाकर जंगली जानवरों को दूर रखने के निर्देश दिए।
निदेशक पंतनगर एयरपोर्ट ने एयरपोर्ट के आसपास अनाधिकृत मांस की दुकानों के संचालन से चील-कौओं के मंडराने और विमान सुरक्षा पर खतरे की आशंका जताई। इस पर जिलाधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को नियमित जांच अभियान चलाकर ऐसी दुकानों को हटाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार परियोजना की जद में आने वाले अतिक्रमणों को चिन्हित कर नोटिस जारी करने तथा आवश्यकतानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही एयरपोर्ट प्रशासन एवं एनएचएआई को विस्तार कार्य एवं आवश्यक स्वीकृतियों की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, डैम पंतनगर विश्वविद्यालय बीएस चलाल, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, ओसी संयुक्त कार्यालय हिमांशु कफल्टिया, डीजीएम भाविप्रा अनूप गुप्ता, अधीक्षण अभियंता एनएचएआई सोनू गुप्ता, अधिशासी अभियंता सिंचाई बीएस डांगी, सीएसओ पंतनगर एयरपोर्ट राजकुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



