उत्तराखण्डराज्य

मुख्यमंत्री धामी ने सचिवालय संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को दिलाई शपथ

विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सचिवालय परिवार की भूमिका अहम, सुशासन को और मजबूत करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

देहरादून,17 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तराखंड सचिवालय संघ के शपथ ग्रहण समारोह में प्रतिभाग करते हुए नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने सचिवालय संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक जोशी, उपाध्यक्ष राकेश जोशी, संजय कुमार शर्मा एवं प्रमिला टम्टा, महासचिव राजेन्द्र रतूड़ी, सचिव अतुल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव दिव्यांशु डोभाल एवं सुरेन्द्र सिंह रावत, संप्रेक्षक रीना मखनवाल, कोषाध्यक्ष रमेश सिंह बर्त्वाल तथा प्रचार सचिव दीपक बिष्ट सहित पूरी कार्यकारिणी को शुभकामनाएं प्रदान कीं।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सचिवालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि प्रदेश की शासन व्यवस्था की आत्मा और जनविश्वास का प्रमुख केंद्र है। यहीं से नीतियों का निर्माण होता है, जनकल्याणकारी योजनाओं को दिशा मिलती है और राज्य के विकास की रूपरेखा तैयार की जाती है।
उन्होंने कहा कि सचिवालय में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी विकसित उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भागीदार है। सरकार की नीतियों और योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सचिवालय परिवार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सचिवालय के अधिकारी और कर्मचारी शासन एवं जनता के बीच विश्वास के मजबूत सेतु के रूप में कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रारंभ से ही शासन व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने का प्रयास किया है। कर्मचारी संगठनों के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों का समाधान करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एक मजबूत, प्रेरित और संतुष्ट कर्मचारी तंत्र सुशासन की सबसे बड़ी शक्ति होता है। शासन और कर्मचारी जब टीम भावना के साथ कार्य करते हैं तो विकास कार्यों को गति मिलती है और जनता का विश्वास शासन व्यवस्था पर और अधिक मजबूत होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रशासनिक प्रक्रियाओं के सरलीकरण, तकनीक आधारित सेवाओं के विस्तार तथा ई-गवर्नेंस को मजबूत करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड सचिवालय बेहतर कार्य संस्कृति, आपसी समन्वय और सकारात्मक वातावरण के माध्यम से सुशासन एवं कार्यकुशलता की नई मिसाल स्थापित करेगा। उन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी से सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए राज्य को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के सरकार के “विकल्प रहित संकल्प” को सिद्धि तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शासन के वरिष्ठ अधिकारी, सचिवालय संघ के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में सचिवालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button