15 जून से 15 जुलाई तक देहरादून में चलेगा वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान, विभिन्न योजनाओं से जोड़े जाएंगे पात्र नागरिक
अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को बैंकिंग, बीमा एवं पेंशन योजनाओं से जोड़कर वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना है
जनपद देहरादून की सभी 401 ग्राम पंचायतों एवं 7 शहरी निकायों में लगाए जाएंगे विशेष शिविर
* बैंकिंग, बीमा एवं पेंशन योजनाओं की शत-प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित करने पर होगा जोर
* प्रधानमंत्री जन धन योजना, पीएमजेजेबीवाई, पीएमएसबीवाई एवं अटल पेंशन योजना से जोड़े जाएंगे पात्र नागरिक
देहरादून 12 जून। 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक देहरादून की सभी 401 ग्राम पंचायतों एवं 7 स्थानीय शहरी निकायों में विभिन्न बैंकों के माध्यम से वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान संचालित किया जाएगा। यह विशेष अभियान भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग द्वारा संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को बैंकिंग, बीमा एवं पेंशन योजनाओं से जोड़कर वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना है।
अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही बैंक खातों की री-केवाईसी, नामांकन अद्यतन तथा डिजिटल वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने पर भी विशेष बल दिया जाएगा।
अभियान का शुभारंभ जनपद देहरादून के सहसपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत भुड्डी के पंचायतघर परिसर में पंजाब नेशनल बैंक की नयागांव शाखा द्वारा 15 जून 2026 को प्रातः 11 बजे आयोजित विशेष शिविर से किया जाएगा। शिविर में बैंक के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी प्रतिभाग करेंगे।
शिविर के दौरान बैंक अधिकारियों द्वारा विभिन्न वित्तीय समावेशन योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। पात्र लाभार्थियों के नए बैंक खाते खोले जाएंगे तथा बीमा एवं पेंशन योजनाओं में नामांकन की प्रक्रिया भी पूर्ण कराई जाएगी, जिससे अधिकाधिक लोगों को सामाजिक एवं वित्तीय सुरक्षा का लाभ प्राप्त हो सके।
स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे आयोजित शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इन जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं तथा अपने परिवार की वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करें।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष भारत सरकार द्वारा चयनित राज्यों की ग्राम पंचायतों एवं शहरी निकायों में वित्तीय समावेशन योजनाओं की शत-प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रमों और शिविरों का आयोजन किया जाएगा।



