मुख्यमंत्री धामी को सौंपा गया विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का गणना फॉर्म

देहरादून 08 जून । उत्तराखण्ड में मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत सचिवालय में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को गणना फॉर्म सौंपा।
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मुख्यमंत्री को अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत प्रदेश के सभी मतदाताओं को गणना फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि आगामी 7 जुलाई तक एक माह की अवधि में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना फॉर्म प्राप्त करेंगे तथा उन्हें बीएलओ एप के माध्यम से डिजिटाइज करेंगे। इससे मतदाता सूची के अद्यतन और सत्यापन की प्रक्रिया को गति मिलेगी।
इस अवसर पर सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास भी उपस्थित रहे।


