केशव नेगी प्रकरण में मुख्यमंत्री धामी ने की दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से बात, निष्पक्ष जांच का मिला भरोसा

देहरादून, 7 जून। दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड प्रकरण में उत्तराखंड के निवासी केशव नेगी की गिरफ्तारी के संबंध में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने आज दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta से दूरभाष पर वार्ता की।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आश्वस्त किया है कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा तथा पूरे मामले की जांच तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष रूप से की जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दिल्ली सरकार और संबंधित जांच एजेंसियां निष्पक्ष जांच के माध्यम से सत्य को सामने लाएंगी।
मुख्यमंत्री ने केशव नेगी की पुत्री कनिष्का नेगी से भी बातचीत कर उनका हालचाल जाना और परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार देश के विभिन्न राज्यों में रह रहे सभी प्रवासी उत्तराखंडियों के हितों और सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा आवश्यकता पड़ने पर उनके साथ हर स्तर पर खड़ी रहेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार इस प्रकरण पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित परिवार को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।



