उत्तराखण्डपर्यावरण

भीमताल झील के सौंदर्यीकरण को मिली नई उड़ान, मुख्यमंत्री धामी ने किया बोगनबेलिया पौधारोपण अभियान का शुभारंभ

भीमताल, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने भीमताल झील परिक्षेत्र में आयोजित झील सौंदर्यीकरण अभियान में प्रतिभाग करते हुए बोगनबेलिया के पौधों का रोपण कर अभियान की शुरुआत की। प्रधानमंत्री के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने अपनी पूज्य माता श्रीमती बिसना देवी के नाम पर एक बोगनबेलिया का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराएं और जीवनशैली सदैव प्रकृति के साथ गहरे जुड़ाव का प्रतीक रही हैं। विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि नैनीताल जनपद अपनी झीलों के कारण विश्वभर में प्रसिद्ध है और इन प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण एवं संवर्धन राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने भीमताल झील के किनारे लगाए जा रहे बोगनबेलिया पौधों के अभियान को एक अभिनव पहल बताते हुए कहा कि इससे झील क्षेत्र की सुंदरता में और अधिक वृद्धि होगी तथा पर्यटकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार झीलों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से मानसून के दौरान अधिक से अधिक पौधारोपण करने, जल स्रोतों के संरक्षण, नदियों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का आह्वान किया। उन्होंने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री Ram Singh Kaida ने भी अपनी स्वर्गीय माता श्रीमती रेवती देवी की स्मृति में पौधारोपण किया। वहीं कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री Deepak Rawat, जिलाधिकारी Lalit Mohan Rayal, मुख्य वन संरक्षक Tejaswini Arvind Patil, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे तथा वन संरक्षक नितीश मणि त्रिपाठी सहित अनेक अधिकारियों ने भी अपनी माताओं के नाम पौधारोपण कर अभियान को समर्थन दिया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार, आईटीबीपी 34वीं बटालियन के कमांडेंट हेमंत कुमार, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, एपीडी चंद्रा फर्त्याल सहित जनप्रतिनिधियों, प्रकृति प्रेमियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के संकल्प के साथ आयोजित यह अभियान क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र रहा।

Related Articles

Back to top button