हरित दून के सपने को साकार करने में जुटा एमडीडीए, विश्व पर्यावरण दिवस पर 300 पौधों का रोपण

देहरादून, 0
5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने राजधानी को हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए वृहद पौधारोपण अभियान चलाया। सहस्त्रधारा रोड स्थित रायपुर विधानसभा क्षेत्र के युवा कल्याण कार्यालय के निकट नालापानी रोड पर नदी किनारे खाली भूमि में लगभग 300 पौधों का रोपण किया गया।
अभियान के तहत फलदार, छायादार एवं औषधीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर एमडीडीए के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
प्राधिकरण अब केवल भवन निर्माण और शहरी विकास तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि राजधानी के पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने के लिए भी लगातार कार्य कर रहा है। इसी क्रम में विभिन्न क्षेत्रों में नए हरित पार्क विकसित किए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इसके अलावा शहर की प्रमुख सड़कों के डिवाइडरों पर फूलदार एवं सजावटी पौधों का रोपण किया जा रहा है, जिससे दून की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण और हरित आवरण विस्तार में भी मदद मिल रही है।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच हरित क्षेत्रों का संरक्षण और विस्तार समय की आवश्यकता है। ऐसे में एमडीडीए की यह पहल देहरादून को आधुनिक, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।



