कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुन्दन सिंह बथियाल के निधन पर शोक, प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित
देहरादून, 4 जून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Ganesh Godiyal एवं नेता प्रतिपक्ष Yashpal Arya ने कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्वर्गीय कुन्दन सिंह बथियाल के दुर्घटना में हुए आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
अपने शोक संदेश में दोनों नेताओं ने कहा कि स्व. कुन्दन सिंह बथियाल पार्टी के कर्मठ, निष्ठावान और समर्पित वरिष्ठ नेता थे। उनका असमय निधन कांग्रेस पार्टी एवं क्षेत्रीय जनमानस के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि बथियाल का संपूर्ण जीवन क्षेत्र की जनता और विकास कार्यों के लिए समर्पित रहा। ब्लॉक प्रमुख के रूप में क्षेत्र के विकास हेतु उनके योगदान और प्रयासों को सदैव स्मरण किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार उनके परिजनों के साथ खड़ा है।
इस बीच, प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, देहरादून में प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह भंडारी की अध्यक्षता में एक शोकसभा का आयोजन किया गया। सभा में उपस्थित कांग्रेसजनों ने स्व. कुन्दन सिंह बथियाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
शोकसभा में वक्ताओं ने कहा कि स्व. बथियाल के निधन से कांग्रेस संगठन और क्षेत्र को अपूरणीय क्षति पहुंची है। उनका असमय निधन हम सभी के लिए अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है।
इस अवसर पर मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि, महामंत्री राजेन्द्र शाह, नवीन जोशी, अजय सिंह, गोदावरी थपली, प्रवक्ता अभिनव थापर, अमेन्द्र बिष्ट, अश्विनी बहुगुणा, सुरेन्द्र सिंह रांगड़, डॉ. प्रतिमा सिंह, शीशपाल सिंह बिष्ट, मनीष नागपाल, प्रीतम सिंह आर्य, सुनीत सिंह राठौर, अखिलेश उनियाल, टीका राम पाण्डेय, मनीष गौनियाल सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।


