राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने मुख्यमंत्री धामी से की शिष्टाचार भेंट

देहरादून, 2 जून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री (स्कूल शिक्षा, पंचायती राज एवं संस्कृत शिक्षा) श्री मदन दिलावर ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच शिक्षा, पंचायती राज संस्थाओं के सशक्तीकरण, भारतीय संस्कृति एवं संस्कृत भाषा के संरक्षण और संवर्धन सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था, ग्रामीण विकास तथा स्थानीय स्वशासन को अधिक प्रभावी बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री श्री धामी ने उत्तराखण्ड में नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, विद्यालयी शिक्षा को मजबूत बनाने, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने तथा पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति, संस्कृत भाषा और पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए राज्यों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री मदन दिलावर ने उत्तराखण्ड सरकार द्वारा शिक्षा, संस्कृति संरक्षण एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने दोनों राज्यों के बीच शिक्षा, संस्कृति और स्थानीय स्वशासन से जुड़े विषयों पर सहयोग एवं समन्वय को और सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।



