भारत विकास परिषद मां चूड़ामणि शाखा भगवानपुर का दायित्व ग्रहण समारोह संपन्न, नवीन कार्यकारिणी ने ली शपथ
रुड़की 01 जून । 
भारत विकास परिषद मां चूड़ामणि शाखा भगवानपुर, रुड़की द्वारा होटल दीप रेजीडेंसी में दायित्व ग्रहण समारोह एवं कार्यशाला का आयोजन सादगीपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 2026-27 के लिए नवीन दायित्वधारियों ने शपथ ग्रहण कर परिषद की रीति-नीति एवं उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करने का संकल्प लिया।
समारोह की मुख्य अतिथि एवं पतंजलि विश्वविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. संगीता सिंह ने कहा कि भारत विकास परिषद सेवा कार्यों के साथ-साथ भावी पीढ़ी को संस्कारित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्कारयुक्त व्यक्ति समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणा बनते हैं।
मुख्य वक्ता एवं उत्तराखंड पश्चिम प्रांत की प्रांतीय अध्यक्षा डॉ. मनीषा सिंघल ने परिषद की कार्यप्रणाली एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्था युवाओं में राष्ट्र प्रथम की भावना विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
अधिष्ठापन अधिकारी एवं उत्तराखंड पश्चिम प्रांत के प्रांतीय महासचिव डॉ. संजय गर्ग ने नवीन पदाधिकारियों को शपथ दिलाई तथा उन्हें गत वर्ष से बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने परिषद की मूल भावना और राष्ट्र सेवा के संकल्प को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत विकास परिषद का उद्देश्य सेवा, संस्कार और समर्पण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण करना है।
कार्यक्रम के दौरान निखिल अग्रवाल, वैभव गोयल, भूपेंद्र अग्रवाल, डॉ. सुभाष जुनेजा, मुकुल चौहान, विनीता गुप्ता, योगेश चौहान एवं राजेश कुमार को परिषद की सदस्यता ग्रहण कराई गई।
इस अवसर पर पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अमर उजाला के संजय पाल, हिंदुस्तान के विजय सैनी, बद्री विशाल के अनिल त्यागी, अजीत समाचार के के.पी. सिंह तथा दैनिक जागरण के सुदेशकांत शर्मा को सम्मानित किया गया।
कार्यशाला में प्रांतीय वित्त सचिव प्रतिनिधि यश गर्ग ने वित्तीय प्रबंधन, बैंक खाते, बीवीपी एप एवं वेबसाइट संबंधी जानकारी दी। वहीं प्रांतीय संयोजक संस्कार डॉ. राजीव गोयल ने भारत को जानो, समूह गान प्रतियोगिता एवं गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की। प्रांतीय संयोजिका महिला सहभागिता एडवोकेट प्रीति अग्रवाल ने महिला स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन पर बल दिया।
वर्तमान अध्यक्ष संजय पाल ने गत वर्ष के सेवा एवं संस्कार संबंधी कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। नवमनोनीत अध्यक्ष पुष्पराज सिंह चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए शाखा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन शाखा सचिव श्रीमती कल्पना सैनी ने किया। इस अवसर पर शाखा की संरक्षक श्रीमती सुरेश अरोड़ा, उपाध्यक्ष अमरीश चौहान एवं अरविंद अग्रवाल, रजनीश कुमार, डॉ. सुप्रिया गौड़, श्रीमती निधि, श्रीमती सुदेश रानी, श्रीमती आरती त्यागी, श्रीमती उर्वशी पंवार, आलोक कंडवाल, ओम सिंह सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।



