मुख्यमंत्री ने बालिकाओं के साथ सुना प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 134वां संस्करण

देहरादून,31 मई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री Narendra Modi के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को सुना।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक सशक्त माध्यम बन गया है। प्रधानमंत्री विभिन्न क्षेत्रों की प्रेरणादायक कहानियों को साझा कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन और जनभागीदारी को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर प्रधानमंत्री के संदेश समाज को नई दिशा दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी अनेक लोग अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं और राज्य सरकार ऐसे व्यक्तियों को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने बताया कि आज के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने तथा देशी एवं पारंपरिक पेयों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। साथ ही भारतीय फलों, विशेषकर आम की विशेषताओं का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के बाद छात्राओं से किया संवाद
‘मन की बात’ कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने छात्रावास की छात्राओं से संवाद कर कार्यक्रम के संबंध में उनका फीडबैक लिया और उनके विचार जाने।
मुख्यमंत्री ने छात्राओं से कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अपनी रुचि के अन्य क्षेत्रों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास बड़े बदलावों की नींव रखते हैं। अच्छे कार्यों और सकारात्मक सोच से न केवल स्वयं का विकास होता है, बल्कि अन्य लोग भी प्रेरित होकर समाज में सकारात्मक वातावरण के निर्माण में योगदान देते हैं।
उन्होंने कहा कि निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ किया गया कार्य दूसरों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनता है।
इस अवसर पर Dalip Singh Rawat भी उपस्थित रहे।


