उत्तराखण्डजनकल्याणकारी योजना

एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह में मुख्यमंत्री धामी ने किया विजेताओं का सम्मान

उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने का दोहराया संकल्प, 32 संस्थाएं व व्यक्तित्व हुए सम्मानित

अल्मोड़ा,27 मई 2026 । अल्मोड़ा स्थित उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की दिशा में उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्य करने वाले 32 संगठनों, व्यक्तियों और समूहों को सम्मानित किया गया। साथ ही जिला स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह जनपदों को भी पुरस्कृत किया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह समारोह उन कर्मयोगियों और संस्थाओं को सम्मानित करने का अवसर है जिन्होंने समाजहित में अनुकरणीय कार्य करते हुए सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इन संस्थानों ने अपने मजबूत इरादों और समर्पण से असाधारण उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय राज्य उत्तराखंड को हर वर्ष अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन पर्यावरण और विकास के संतुलन के साथ ही स्थायी विकास संभव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में राज्य निरंतर कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में कभी 10वें स्थान पर रहा उत्तराखंड अब देश में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सुशासन, गरीब कल्याण, सीमांत क्षेत्रों के विकास तथा बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है तथा प्रति व्यक्ति आय में 4.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4 प्रतिशत की कमी आई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि उद्योग, स्टार्टअप, हेलीकॉप्टर सेवा, हाईवे निर्माण, ग्रीन एनर्जी और बिजली उत्पादन जैसे क्षेत्रों में हुए सकारात्मक बदलावों के चलते राज्य में रिवर्स पलायन बढ़ा है और लोग अपने गांवों की ओर लौटकर स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार अपना रहे हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि एसडीजी रैंकिंग में राज्य की उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्पों का परिणाम है।
प्रमुख सचिव नियोजन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी एंड गुड गवर्नेंस डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने एसडीजी की अवधारणा और राज्य की उपलब्धियों पर विस्तार से जानकारी दी। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए जनपद के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता दोहराई।
एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में रुद्रप्रयाग जनपद को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। उत्तरकाशी और नैनीताल संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि बागेश्वर, चमोली और टिहरी जनपद तृतीय स्थान पर शामिल रहे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैडा, विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल, दर्जाधारी राज्य मंत्री गंगा बिष्ट एवं गोविंद पिलख्वाल, सदस्य पलायन आयोग अनिल सिंह साही, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, मेयर अल्मोड़ा अजय वर्मा, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी CPPGG मनोज पंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button