उत्तराखण्डधर्म-कर्म

भागवत कथा में गूंजी कृष्ण बाल लीलाएं, गिरिराज पूजा व छप्पन भोग से भक्तिमय हुआ वातावरण

देहरादून, 21 मई 2026। परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले कन्याओं के सामूहिक विवाह तथा पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर चल रही श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो उठे। कथा व्यास विनीत वत्सल जी महाराज ने अपने श्रीमुख से भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया।
बाल लीलाओं के वर्णन ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
पूज्य व्यास जी ने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न बाल लीलाओं का सुंदर वर्णन करते हुए माखन चोरी, सखाओं के साथ खेल, तथा कालिया नाग वध की लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया। कथा पंडाल में जब कान्हा स्वरूप बालक अपने साथियों संग पहुंचे तो श्रद्धालुओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया। जैसे ही कान्हा ने मटकी फोड़ी और उसमें से माखन-मिश्री निकाली, श्रद्धालुओं में प्रसाद लेने की होड़ मच गई।
गिरिराज पूजा और छप्पन भोग का आयोजन
कथा के दौरान व्यास जी ने कहा कि जब देवराज इंद्र को अहंकार हो गया था, तब भगवान श्रीकृष्ण ने उनका घमंड दूर करने के लिए गिरिराज पर्वत की पूजा करवाई। इस अवसर पर गिरिराज महाराज को छप्पन भोग अर्पित कर भव्य आरती की गई। जय श्रीकृष्ण और गिरिराज महाराज के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
राष्ट्र सेवा को बताया महान सेवा
अपने प्रवचन में पूज्य व्यास जी ने कहा कि जो व्यक्ति अपने राष्ट्र से प्रेम करता है और राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहता है, उस पर भगवान की विशेष कृपा बनी रहती है। उन्होंने कहा कि “हमारा राष्ट्र सुरक्षित है तो हमारी संस्कृति, हमारी भक्ति और हमारा अस्तित्व भी सुरक्षित है।”
जनप्रतिनिधियों एवं संतों ने लिया आशीर्वाद
इस अवसर पर विद्या चैतन्य जी महाराज, शक्तिपुत्र सुभाष चंद्र सतपति, राज्य मंत्री कुलदीप बुटोला, बलजीत सोनी, गौरव कुमार सहित अनेक गणमान्य लोगों ने कथा में पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में सर्व दिगंबर दिनेश पुरी, पुनीता गैरोला, नीरज गोयल, प्रभात अग्रवाल, संगीता गुप्ता, नवीन गुप्ता, विकी गोयल, रोहित अग्रवाल, अनिल गोयल, मेघा गर्ग, गीता अग्रवाल, राहुल बंसल, सविता गुप्ता, सोहन लाल गुप्ता, विजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button