उत्तराखण्डराज्य

सशस्त्र सीमा बल (SSB) में खेल कोटा के अंतर्गत आरक्षी (सामान्य) के 404 पदों पर सीधी भर्ती शुरू

पिथौरागढ़ 17 मई 2026 । भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन बल मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), नई दिल्ली द्वारा खेल कोटा के अंतर्गत आरक्षी (सामान्य ड्यूटी) के कुल 404 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी किया गया है। इस देशव्यापी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से देश के योग्य, प्रतिभाशाली और उत्कृष्ट खेल विधाओं के पुरुष व महिला खिलाड़ियों को सीधे अर्द्धसैनिक बल में शामिल होकर देश सेवा करने का एक सुनहरा और अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त होगा। कमांडेंट कार्यालय, 55वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, पिथौरागढ़ द्वारा इस संबंध में जिला खेल अधिकारी, जिला रोजगार अधिकारी और जिला सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी को पत्र भेजकर जनपद के सभी खेल प्रशिक्षण संस्थानों, स्टेडियमों, खेल अकादमियों, विद्यालयों और महाविद्यालयों में इसका व्यापक एवं प्रभावी प्रचार-प्रसार करने का अनुरोध किया गया है ताकि सीमांत क्षेत्र के अधिक से अधिक योग्य खिलाड़ी इस स्वर्णिम अवसर का लाभ उठा सकें।
इस भर्ती के अंतर्गत कुल 404 अस्थाई पदों को भरा जाना है, जिनकी भविष्य में जारी रहने की पूरी संभावना है। चयनित अभ्यर्थियों को भारत या विदेश में कहीं भी बल की आवश्यकता के अनुसार तैनात किया जा सकता है। भर्ती के लिए इच्छुक उम्मीदवारों की आयु सीमा न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 23 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसमें नियमानुसार आरक्षित श्रेणियों, जैसे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति को 5 वर्ष तथा अन्य पिछड़ा वर्ग को 3 वर्ष की अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी। शैक्षणिक योग्यता के रूप में उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से मैट्रिक (10वीं कक्षा) या इसके समकक्ष उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
खेल योग्यताओं की बात करें तो उम्मीदवारों ने पिछले दो वर्षों के भीतर किसी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व किया हो, या सीनियर/जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में पदक जीता हो। इसके अतिरिक्त खेलो इंडिया यूथ गेम्स, खेलो इंडिया विंटर गेम्स, खेलो इंडिया पैरा गेम्स, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया या इंटर-यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट्स में पदक विजेता अथवा राज्य स्कूल टीमों का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी भी इस भर्ती के लिए पात्र माने जाएंगे । आवेदन शुल्क के रूप में अनारक्षित, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों को 100 रुपये का शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और सभी महिला उम्मीदवारों को इस आवेदन शुल्क से पूरी तरह मुक्त रखा गया है ।
भर्ती की पूरी प्रक्रिया दो मुख्य चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और राष्ट्रीय पदक विजेताओं के खेल दस्तावेजों की जांच और उनके खेल कौशल का फील्ड ट्रायल लिया जाएगा, जिसके बाद शारीरिक मानक परीक्षण (PST) का आयोजन होगा । यदि इसके बाद भी पद रिक्त रह जाते हैं, तो द्वितीय चरण में अन्य योग्य अभ्यर्थियों को अवसर दिया जाएगा। सभी इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार रोजगार समाचार (Employment News) में विज्ञापन प्रकाशन की तिथि से 30 दिनों के भीतर सशस्त्र सीमा बल की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट www.recruitment.ssb.gov.in पर जाकर केवल ऑनलाइन माध्यम से अपना आवेदन दर्ज करा सकते हैं किसी भी अन्य माध्यम से प्राप्त आवेदनों को स्वीकार नहीं किया जाएगा

Related Articles

Back to top button