उत्तराखण्डशासन

मानसून से पहले तैयारियां पूरी करें: एडीएम कौस्तुभ मिश्र

रुद्रपुर,06 मई 2026 (सू.वि)। कौस्तुभ मिश्र ने जिला आपदा प्रबंधन सभागार में बैठक लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून काल में जलभराव और बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पूर्व वर्षों में जलभराव और बाढ़ का अधिक प्रभाव रहा है, वहां जल निकासी और सुरक्षात्मक कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
एडीएम ने निर्देशित किया कि यदि किसी नदी, नाले या नहर में मलवा हटाने अथवा ड्रेजिंग की आवश्यकता हो तो उप जिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में संबंधित विभागों—सिंचाई, लोनिवि और नगर निकायों—के साथ निरीक्षण कर प्रस्ताव प्रस्तुत करें। नगर निकाय अधिकारियों को नालियों और नालों की सफाई सुनिश्चित करने के साथ जीओ-टैग युक्त फोटोग्राफ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि वर्षाकाल से पूर्व दूसरे चरण में नहरों और नालों की दोबारा सफाई कराई जाए तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में छिड़काव के लिए पर्याप्त दवाएं उपलब्ध रखी जाएं। सड़कों से जुड़े विभागों को स्कवर और पुलियों के नीचे जमा मलवे की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
आपदा प्रबंधन को लेकर एडीएम ने SDRF, पुलिस, आपदा प्रबंधन अधिकारियों एवं उप जिलाधिकारियों को उपलब्ध उपकरणों का भौतिक परीक्षण करने और खराब उपकरणों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यदायी संस्थाएं 15 जून से पूर्व रिवर चैनलाइजेशन और नालों की सफाई का कार्य पूरा कर लें।
विद्युत विभाग को विद्युत लाइनों के पास पेड़ों की लॉपिंग-चॉपिंग, जर्जर पोल बदलने और ढीले तारों को ठीक करने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी को आपदा के दौरान खाद्य सामग्री वितरण हेतु आवश्यक टेंडर और व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, ओसी हिमांशु कफल्टिया, अधिशासी अभियंता सिंचाई बी.एस. डांगी, जिला पंचायतराज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चन्द्र तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि विभिन्न विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Related Articles

Back to top button