उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

हेमकुंड साहिब यात्रा 2026 की तैयारियां तेज, मुख्यमंत्री धामी को पहले जत्थे के विदाई समारोह का निमंत्रण

देहरादून,26 अप्रैल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने आगामी हेमकुंड साहिब यात्रा 2026 की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
भेंट के दौरान श्री बिंद्रा ने मुख्यमंत्री को 20 मई 2026 को आयोजित होने वाले यात्रा के पहले जत्थे के विदाई समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने बताया कि इस प्रथम जत्थे का नेतृत्व पारंपरिक रूप से पंज प्यारों द्वारा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन-प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा प्रबंधन की निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हेमकुंड साहिब यात्रा को सफल, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
ट्रस्ट अध्यक्ष श्री बिंद्रा ने बताया कि हेमकुंड साहिब यात्रा 2026 के तहत 23 मई 2026 को कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इस पावन यात्रा में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु शामिल होकर गुरु गोबिंद सिंह जी की तपोभूमि के दर्शन करेंगे।

Related Articles

Back to top button