उत्तराखण्डविशेष समाचार

देहरादून में 24 अप्रैल को एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील की

देहरादून, 23 अप्रैल 2026। नागरिक सुरक्षा से संबंधित एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक अभ्यास को लेकर जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। महानिदेशालय अग्निशमन सेवा, नागरिक सुरक्षा एवं गृहरक्षक, गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा निर्धारित एसओपी के अनुपालन में 24 अप्रैल 2026 को रात्रि 10 बजे आयोजित होने वाले मॉक अभ्यास के संबंध में जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सविन बंसल के निर्देशों पर एनआईसी सभागार में टेबल टॉप बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद के विभिन्न रेखीय विभागों के अधिकारी तथा तहसील स्तर (तहसील सदर) पर गठित आईआरएस के नामित अधिकारी उपस्थित रहे। इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारी, आपसी समन्वय तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना है, ताकि किसी भी आपदा या आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जनपद के चार प्रमुख स्थानों—आईएसबीटी, डील रायपुर, घंटाघर एवं आराघर—में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। रात्रि 10:05 बजे से इन क्षेत्रों में लगभग 30 मिनट के लिए ब्लैकआउट किया जाएगा, जिसके अंतर्गत स्ट्रीट लाइट, पार्क एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों की रोशनी अस्थायी रूप से बंद रखी जाएगी। मॉक ड्रिल प्रारंभ होने से पूर्व संबंधित क्षेत्रों में आपातकालीन सायरन बजाकर आमजन को संकेत दिया जाएगा।
मॉक ड्रिल के सफल संचालन हेतु जिला स्तर पर इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (ईओसी) स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त चिन्हित स्थलों पर कंट्रोल रूम भी बनाए जाएंगे। दूरसंचार, मोबाइल, वायरलेस एवं हॉटलाइन माध्यमों से सतत संपर्क बनाए रखा जाएगा तथा सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी 24×7 कंट्रोल रूम में तैनात रहेंगे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह एक पूर्व निर्धारित अभ्यास है, इसलिए नागरिक किसी भी प्रकार की अफवाह या घबराहट से बचें और प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मॉक ड्रिल को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में देशभर में नागरिक सुरक्षा संगठन की तैयारी एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं का परीक्षण करने के उद्देश्य से इस प्रकार के मॉक अभ्यास आयोजित किए जा रहे हैं। देहरादून जनपद में भी इसी क्रम में 24 अप्रैल को यह महत्वपूर्ण मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है।
बैठक में जिला प्रशासन, सिविल डिफेंस, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button