वरिष्ठ पत्रकार डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को मिला उत्तराखंड गौरव सम्मान
गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रशस्ति पत्र एवं एक लाख रुपये की धनराशि देकर किया सम्मानित
नैनीताल 06 नवम्बर
। (ललित जोशी)उत्तराखंड राज्य स्थापना के राज्योत्सव के अवसर पर सरोवर नगरी नैनीताल के वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं कुमाऊं विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को प्रतिष्ठित **उत्तराखंड गौरव सम्मान** से सम्मानित किया गया। देहरादून में आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और एक लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की।
डॉ. तिवारी को यह प्रतिष्ठित सम्मान पत्रकारिता, हिंदी लेखन, अध्यापन तथा हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान और दीर्घकालीन सेवाओं के लिए प्रदान किया गया है। इस उपलब्धि से नैनीताल सहित पूरे कुमाऊं क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। डॉ. तिवारी ने अपने कार्यों के माध्यम से पत्रकारिता, साहित्य और शिक्षा जगत में विशिष्ट पहचान बनाई है।
राज्योत्सव के इस विशेष अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, भारत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, तीरथ सिंह रावत, राज्यमंत्री प्रदीप टमटा, सांसद अजय भट्ट, अनिल बलूनी, दिनेश आर्य, त्रिवेंद्र सिंह रावत, विभिन्न विधायक, मुख्य सचिव, डीजीपी, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
### अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मिल चुके हैं अनेक प्रतिष्ठित सम्मान
डॉ. गिरीश रंजन तिवारी की उपलब्धियों का दायरा राष्ट्रीय सीमाओं तक ही सीमित नहीं है। उन्हें हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग की ओर से आयोजित अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में उनकी चर्चित पुस्तक **‘अतीत से वर्तमान तक : नैनीताल का सफर और गॉथिक राजभवन के निर्माण की अद्भुत गाथा’** के लिए प्रतिष्ठित राजभाषा गौरव सम्मान प्रदान किया गया था। देशभर के 13 चयनित लेखकों में डॉ. तिवारी उत्तराखंड से यह सम्मान प्राप्त करने वाले एकमात्र लेखक थे। वे इस सम्मान को प्राप्त करने वाले उत्तराखंड के पहले पत्रकार भी बने।
हिंदी लेखन, पत्रकारिता और हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान को अमेरिका, हंगरी और मॉरीशस स्थित भारतीय दूतावासों के साथ-साथ थाईलैंड एवं सिंगापुर की प्रतिष्ठित संस्थाओं और विश्वविद्यालयों ने भी सराहा है। देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और संस्थाओं की ओर से भी उन्हें सम्मानित किया जा चुका है।
पत्रकारिता के क्षेत्र में डॉ. तिवारी अब तक तीन पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं। उनकी एक पुस्तक का विमोचन मॉरीशस के तत्कालीन राष्ट्रपति ने वहां स्थित राष्ट्रपति भवन में किया था। इसके अतिरिक्त उनके दो दर्जन से अधिक शोध पत्र और एक हजार से ज्यादा लेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं एवं अन्य माध्यमों में प्रकाशित हो चुके हैं।
उन्हें उत्तराखंड रत्न, राज्य सूचना आयोग की ओर से आरटीआई अवार्ड, अंतरराष्ट्रीय भारत सम्मान, अचीवर्स अवार्ड सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है।
पत्रकारिता, साहित्य, शोध एवं हिंदी भाषा के प्रति उनके निरंतर समर्पण को मिला उत्तराखंड गौरव सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि नैनीताल और उत्तराखंड के लिए भी गौरव का विषय है।