उत्तराखण्डराज्यसंस्कृति

राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने लोक भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मनाई दीपावली, उपहार और मिठाई भेंट कर दी शुभकामनाएं

देहरादून, 6 नवंबर। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने शुक्रवार को लोक भवन में अधिकारियों एवं कार्मिकों से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उपहार और मिठाई भेंट कर उनके सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाल जीवन की कामना की।

इस अवसर पर राज्यपाल डॉ. बिसेन ने कहा कि दीपावली खुशियों, प्रकाश और सकारात्मकता का पर्व है। यह त्योहार सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और उमंग का संचार करता है। उन्होंने धनतेरस के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय परंपरा में निरोगी काया को पहला सुख माना गया है। भगवान धन्वंतरि से सभी के उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखी जीवन की कामना करते हुए उन्होंने कहा कि मां लक्ष्मी सभी के जीवन में धन, वैभव और समृद्धि प्रदान करें।

राज्यपाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में त्योहारों का महत्व केवल व्यक्तिगत और पारिवारिक खुशियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इनका संदेश पूरे समाज और राष्ट्र के लिए भी प्रासंगिक है। त्योहार हमें आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और एकता के साथ रहने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी भारतवासी एक परिवार के सदस्य हैं और हमें जाति, वर्ग सहित सभी प्रकार के भेदभाव से ऊपर उठकर परस्पर प्रेम एवं सौहार्द की भावना को मजबूत करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आपसी एकता, समरसता और सद्भाव ही भारतीय संस्कृति की विशिष्ट पहचान है। हमारी प्राचीन परंपरा में इसी व्यापक सोच को ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के रूप में अभिव्यक्त किया गया है, जिसका अर्थ है कि संपूर्ण विश्व एक परिवार है।

राज्यपाल ने सभी से त्योहारों को आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ मनाने तथा भारतीय संस्कृति के इन उच्च आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

Advt.

Related Articles

Back to top button