राजपुर रामलीला में श्रीराम का भव्य स्वागत, राज्याभिषेक की लीला ने मोहा मन
हनुमान ने सीना चीरकर दिखाए श्रीराम-सीता के दर्शन, जयकारों से गूंजा रामलीला परिसर
देहरादून,25 अक्टूबर। श्री आदर्श रामलीला ट्रस्ट राजपुर की ओर से आयोजित 77वें श्री रामलीला महोत्सव में चौदह वर्ष का वनवास पूर्ण कर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता के अयोध्या आगमन की लीला का भव्य मंचन किया गया। श्रीराम के अयोध्या पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास के साथ उनका स्वागत किया। अयोध्या में दीपमालाएं सजाई गईं और खुशियां मनाई गईं।
लीला के दौरान लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान ने ‘देखेंगे रामराज आज, धन्य भाग हैं’ गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, माता सीता ने प्रसन्न होक
र हनुमान को रत्नों से भरी माला भेंट की। हनुमान ने माला के एक-एक रत्न को तोड़कर उसमें श्रीराम को तलाशा। रत्नों में श्रीराम के दर्शन न होने पर उन्होंने अपना सीना चीरकर दिखाया, जिसमें भगवान श्रीराम और माता सीता विराजमान नजर आए। इस भावपूर्ण प्रसंग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
इसके पश्चात कुलगुरु वशिष्ठ ने भगवान श्रीराम का तिलक कर राज्याभिषेक की रस्म संपन्न कराई। इस दौरान श्रद्धालुओं और दर्शकों ने जयकारों के साथ भगवान श्रीराम का अभिनंदन किया। पूरा रामलीला परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
रामलीला मंचन के साथ ही श्री आदर्श रामलीला ट्रस्ट राजपुर की कार्यकारिणी का चुनाव भी आयोजित किया गया।
मंचन में श्रीराम की भूमिका में उपदेश भारती, लक्ष्मण के रूप में गणेश भारती, सीता के रूप में संगीत, हनुमान के रूप में ब्रह्मप्रकाश वेदवाल, भरत के रूप में सौरभ, शत्रुघ्न के रूप में विहान और वशिष्ठ की भूमिका में रघुबीर ने प्रभावशाली अभिनय कर दर्शकों की सराहना प्राप्त की। कलाकारों के सशक्त अभिनय और भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने रामलीला को यादगार बना दिया।