उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

विरासत-2026 में स्व. राजा रणधीर सिंह को नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

अंतारा सीनियर लिविंग, पुरुकुल में आयोजित संगोष्ठी में आरके सिंह और पंडित साजन मिश्रा ने साझा कीं राजा साहब से जुड़ी यादें

लदेहरादून,24 अक्टूबर। रिच संस्था की ओर से आयोजित विरासत महोत्सव-2026 में शनिवार को पुरुकुल स्थित अंतारा सीनियर लिविंग में स्वर्गीय राजा रणधीर सिंह की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा एवं संगोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान रिच संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष आरके सिंह, प्रसिद्ध शास्त्रीय एवं लोक कलाकार पंडित साजन मिश्रा सहित विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों ने राजा साहब को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साथ बिताए गए पलों और यादों को साझा करते हुए उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं।

पंडित साजन मिश्रा ने स्व. राजा रणधीर सिंह को विशाल हृदय वाला व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उनके साथ बिताए गए अमूल्य पल हमेशा याद रहेंगे। उन्होंने कहा कि राजा साहब का मिलनसार स्वभाव, हंसी-मजाक और दूसरों को खुश रखने की कला उन्हें सबसे अलग बनाती थी। उनके साथ शिकार पर जाने से लेकर विभिन्न विषयों पर हुई बातचीत तक की यादें आज भी मन को भावुक कर देती हैं। उन्होंने राजा साहब को दूसरों की मदद करने वाला और सबके प्रति आत्मीयता रखने वाला महान व्यक्तित्व बताया।

रिच संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष आरके सिंह ने कहा कि स्व. राजा रणधीर सिंह का लोगों के प्रति गहरा लगाव और संवेदनशीलता उन्हें विशिष्ट बनाती थी। विरासत महोत्सव के प्रति भी उनका विशेष जुड़ाव था। उनकी हास्य-व्यंग्य से भरपूर भाषा शैली और बातचीत का अनूठा अंदाज हर किसी का दिल जीत लेता था। उन्होंने कहा कि राजा साहब से जुड़ी यादें हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगी और उनकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकती।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान स्व. राजा रणधीर सिंह के जीवन से जुड़ी यादों को समेटती एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व, आत्मीय व्यवहार और सामाजिक सरोकारों को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर स्व. राजा रणधीर सिंह की धर्मपत्नी रानी विनीता सिंह को उनकी सहमति से विरासत महोत्सव का संरक्षक बनाया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड वन विभाग के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी समीर सिन्हा, शास्त्रीय एवं लोक कलाकार स्वरांश मिश्रा, संस्था की संयुक्त सचिव विजयश्री जोशी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Advt.

Related Articles

Back to top button