जल जीवन मिशन की पेयजल योजनाओं के बकाया भुगतान को लेकर ठेकेदार 13 अक्टूबर से करेंगे अनिश्चितकालीन धरना
देहरादून 12 अक्टूबर । जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल योजनाओं में लंबे समय से लंबित भुगतान की मांग को लेकर देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन ने 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान किया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने बताया कि प्रदेशभर के ठेकेदार मंगलवार को सुबह 11 बजे इंदर रोड, डालनवाला स्थित एसडब्ल्यूएसएम (SWSM) कार्यालय में एकत्र होकर धरने पर बैठेंगे।
अमित अग्रवाल के अनुसार, बकाया भुगतान के संबंध में पेयजल निगम के सचिव और विभागीय अधिकारियों को पहले भी कई बार पत्राचार के माध्यम से समस्याओं से अवगत कराया जा चुका है। भुगतान नहीं होने के कारण ठेकेदारों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत विभिन्न पेयजल योजनाओं का कार्य करने के बावजूद भुगतान लंबित होने से ठेकेदारों के सामने आर्थिक परेशानियां बढ़ती जा रही हैं।
एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि 17 अगस्त 2026 को पेयजल निगम के सचिव के साथ हुई बैठक के दौरान भी इस मुद्दे को उठाया गया था। उस समय मुख्यमंत्री से एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए बुलाने और संबंधित विभाग को बकाया भुगतान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई थी। एसोसिएशन का कहना है कि मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण अब आंदोलन का निर्णय लिया गया है।
अमित अग्रवाल ने कहा कि ठेकेदारों की प्रमुख मांग है कि उनके लंबित भुगतान का शीघ्र निस्तारण किया जाए और मुख्यमंत्री की ओर से स्पष्ट किया जाए कि बकाया धनराशि का भुगतान कब तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक भुगतान की समयसीमा निर्धारित करने सहित मांगों पर उचित जवाब नहीं मिलता, तब तक धरना जारी रहेगा।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि इसके बावजूद समाधान नहीं हुआ तो प्रदेशभर के ठेकेदारों से विचार-विमर्श कर आगामी दिनों में सचिवालय अथवा मुख्यमंत्री आवास पर धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया जा सकता है।
धरना स्थल: एसडब्ल्यूएसएम कार्यालय, इंदर रोड, डालनवाला, देहरादून।
दिनांक एवं समय: 13 अक्टूबर 2026, सुबह 11 बजे से।